अमन आत्महत्या कांड: दोस्त और प्रेमिका की प्रताड़ना से टूटा छात्र, दो आरोपी गिरफ्तार

फ्लोरा एन्क्लेव सुसाइड केस में बड़ा खुलासा, रातभर टॉर्चर के बाद छात्र ने दी थी जान

गाजियाबाद।
अमरोहा निवासी बीटेक छात्र अमन सिंह के आत्महत्या मामले में पुलिस ने उसकी महिला मित्र रितिका और सदरपुर निवासी अभिषेक को गिरफ्तार किया है। छात्र ने बृहस्पतिवार सुबह मसूरी थानाक्षेत्र के फ्लोरा एंक्लेव सोसायटी में फांसी लगाकर जान दे दी थी।
मसूरी स्थित फ्लोरा एन्क्लेव में बृहस्पतिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया था, जब डायल 112 पर बीसीए की एक छात्रा ने खुद को कमरे में बंद करने की सूचना पुलिस को दी थी। पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गई। फिर छात्रा को सुरक्षित बाहर निकाला, लेकिन फ्लैट के दूसरे कमरे में बीटेक छात्र अमरोहा निवासी अमन (23) का शव फंदे से लटका मिला। जांच में सामने आया था कि वह पंजाब के मोहाली जिले में बनूड़ स्थित एक यूनिवर्सिटी में बीटेक कंप्यूटर साइंस का छात्र था। वह पढ़ाई में होशियार था और बीटेक तृतीय वर्ष में यूनिवर्सिटी टॉपर रह चुका था। मसूरी थाना पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत होना बताया था। हालांकि, परिजनों ने हत्या की आशंका जताई थी। शनिवार को इसी मामले में पुलिस ने उसकी महिला मित्र रितिका और सदरपुर निवासी अभिषेक को गिरफ्तार किया है।
कार्यवाहक एसीपी मसूरी भास्कर वर्मा ने जानकारी देकर बताया कि पकड़े गये आरोपी अभिषेक कुमार वर्मा पुत्र बाबूराम वर्मा, निवासी मोहल्ला जवाहर नगर, थाना गजरौला अमरोहा व रितिका पुत्री जितेन्द्र सिंह, निवासी ग्राम यकवगडी, थाना रजबपुर अमरोहा हैं। पुलिस हिरासत में हुई पूछताछ के दौरान आरोपी अभिषेक व रितिका ने जो खुलासा किया, वह चौंकाने वाला है। दोनों ने बताया कि वे और मृतक अमन सिंह, तीनों ही मूल रूप से जनपद अमरोहा के रहने वाले हैं और गाजियाबाद में किराए पर रहकर पढ़ाई कर रहे थे, अभिषेक गाजियाबाद के शास्त्री नगर में रहकर पॉलिटेक्निक की पढ़ाई कर रहा था, जबकि रितिका फ्लौरा एन्क्लेव में रहकर आईएमएस कॉलेज से बीसीए कर रही थी। इनका एक चौथा दोस्त संजीत निवासी ग्राम सदरपुर मधुबन बापूधाम गाजियाबाद भी है। ये सब आपस में एक-दूसरे को कई साल से जानते थे। 
मृतक अमन सिंह पिछले 3-4 साल से रितिका से प्यार करता था। हालांकि, कुछ समय से अमन और रितिका के बीच अनबन चल रही थी। इसी बीच रितिका और अभिषेक एक-दूसरे के करीब आ गए और दोनों में प्यार हो गया, जब अमन सिंह को इस नए रिश्ते का पता चला, तो उसने विरोध किया और रितिका से आखिरी बार मिलकर बात साफ करने की इच्छा जताई।  11 जून को अमन, रितिका के कमरे पर आया और वहां उनके बीच बहस हुई। रितिका ने फोन करके अभिषेक और संजीत को भी बुला लिया। संजीत तो अमन को डरा-धमकाकर वहां से चला गया, लेकिन रात में अभिषेक, रितिका और अमन एक ही कमरे में रहे। आरोपियों ने कुबूल किया कि उन्होंने अमन सिंह से पीछा छुड़ाने के लिए रातभर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से काफी टॉर्चर किया। 
इस प्रताड़ना से तंग आकर अमन सिंह ने दूसरे कमरे में जाकर अन्दर से कुंडी लगा ली और पंखे से लटककर अपनी जान दे दी, आरोपियों का कहना है कि उन्हें अंदाजा नहीं था कि अमन ऐसा आत्मघाती कदम उठा लेगा। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से किसी भी प्रकार की बरामदगी नहीं हुई है। आरोपियों के खिलाफ थाना मसूरी में यह पहला मामला पंजीकृत किया गया है, और पुलिस उनके अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। एसीपी मसूरी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने