ई-रजिस्ट्रीकरण के खिलाफ वकीलों की हड़ताल जारी, संपत्ति बैनामे पूरी तरह बंद

 हड़ताल के कारण गाजियाबाद तहसील में 11 दिन से रजिस्ट्री कार्य ठप, सरकार के फैसले पर उठे

गाजियाबाद।
निजी संस्थाओं के माध्यम से दस्तावेजों के पंजीकरण (ई-रजिस्ट्रीकरण) के विरोध में तहसील सदर बार एसोसिएशन और बैनामा लेखकों का धरना-प्रदर्शन लगातार 11वें दिन भी जारी रहा। हड़ताल के कारण सोमवार को भी तहसील में एक भी संपत्ति का बैनामा नहीं हो सका, जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बता दें कि 11 जून 2026 से ई-रजिस्ट्रीकरण व्यवस्था के विरोध में धरना दिया जा रहा है। तहसील बार एसोसिएशन ने सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि सरकार की "तानाशाही" स्वीकार नहीं की जाएगी।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि नई डिजिटल व्यवस्था से अधिवक्ताओं, बैनामा लेखकों, स्टांप वेंडरों, कंप्यूटर ऑपरेटरों और मुंशियों का रोजगार संकट में पड़ जाएगा। उनका आरोप है कि सरकार ने बिना किसी ठोस वैकल्पिक योजना के यह निर्णय लिया है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि लाखों स्टांप वेंडर और दस्तावेज लेखक बेरोजगार हो जाते हैं, तो उनकी जिम्मेदारी कौन लेगा और सरकार उन्हें कौन-सा वैकल्पिक रोजगार उपलब्ध कराएगी।
हड़ताल के चलते जमीन और मकान की रजिस्ट्री सहित अन्य कानूनी दस्तावेजों के पंजीकरण का कार्य पूरी तरह प्रभावित हो गया है। इससे आम जनता को परेशानी होने के साथ-साथ सरकार को भी लाखों रुपये के स्टांप राजस्व का नुकसान उठाना पड़ रहा है। तहसील सदर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक कुमार वर्मा ने कहा कि प्राइवेट संस्थाओं द्वारा दस्तावेजों का पंजीकरण कराए जाने से विभाग से जुड़े हजारों अधिवक्ता, बैनामा लेखक, स्टांप वेंडर और अन्य कर्मचारी प्रभावित होंगे तथा उनका रोजगार छिन जाएगा।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि ई-रजिस्ट्रीकरण का निर्णय तत्काल वापस लिया जाए अथवा स्टांप वेंडरों और दस्तावेज लेखकों की भूमिका को संरक्षित किया जाए। साथ ही, उनके लिए वैकल्पिक रोजगार की लिखित गारंटी और अधिवक्ताओं एवं बैनामा लेखकों के हितों की सुरक्षा के लिए कानून बनाया जाए। धरने में सचिव दीपक वार्ष्णेय एडवोकेट, पूर्व मीडिया प्रभारी कमल सिंह एडवोकेट, पूर्व सचिव विकास त्यागी एडवोकेट, सुशांत कुमार जॉनी एडवोकेट, दस्तावेज लेखक अनिल कुमार, निरंजन सिंह सिसोदिया, हाकिम सिंह एडवोकेट, दिवाकर एडवोकेट, विनोद कुमार गौतम एडवोकेट, तहसील बार इंचार्ज अमित कुमार शर्मा सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता, दस्तावेज लेखक और तहसील बार के पदाधिकारी मौजूद रहे।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने