20 जून तक सभी 12 जोनों में चलेगा सफाई महाअभियान
नई दिल्ली। राजधानी को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने शुक्रवार को दिल्ली के सभी 12 जोनों में विशेष स्वच्छता अभियान की शुरुआत की। ‘नागरिक-केंद्रित सुशासन के 12 वर्ष’ अभियान के तहत शुरू किए गए इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्वच्छ भारत मिशन की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना तथा कचरा प्रबंधन और स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाना है। यह अभियान 20 जून तक दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में चलाया जाएगा।
पश्चिमी जोन में हरि नगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्याम शर्मा के नेतृत्व में स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की गईं। पश्चिमी दिल्ली की सांसद कमलजीत सहरावत की मौजूदगी में सुभाष नगर स्थित प्रयोग विहार से अभियान का शुभारंभ हुआ। इसके बाद बेरीवाला बाग और आसपास के क्षेत्रों में सड़क सफाई, कचरा हटाने और जनजागरूकता कार्यक्रम चलाए गए। नजफगढ़ जोन में पालम विधानसभा क्षेत्र के रामफल चौक पर विशेष सफाई अभियान आयोजित किया गया, जिसमें विधायक कुलदीप सोलंकी ने भाग लिया। इस दौरान लगभग 50 सफाई कर्मियों ने क्षेत्र की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सक्रिय योगदान दिया।
शाहदरा दक्षिण जोन के पश्चिम विनोद नगर स्थित अहिल्याबाई होल्कर पार्क में आयोजित कार्यक्रम में विधायक रवि नेगी शामिल हुए। अभियान को सफल बनाने के लिए पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मियों और आधुनिक मशीनरी की तैनाती की गई। वहीं, शाहदरा उत्तर जोन के लोनी रोड, शाहदरा और यमुना विहार क्षेत्रों में भी विशेष सफाई गतिविधियां संचालित की गईं। इस दौरान पार्षद प्रमोद गुप्ता, रीना माहेश्वरी सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भागीदारी की। दक्षिणी जोन के एकता कैंप में आर.के. पुरम के विधायक अनिल शर्मा की उपस्थिति में स्वच्छता अभियान चलाया गया, जबकि सिविल लाइंस जोन में नाथूपुरा और बुराड़ी क्षेत्रों को अभियान में शामिल किया गया। रोहिणी जोन में राजा विहार, वीर सावरकर पार्क, सेक्टर-7, सेक्टर-16 और सेक्टर-24 समेत कई स्थानों पर व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। इसके अलावा करोल बाग, नरेला, सिटी एसपी, सेंट्रल और केशवपुरम जोन में भी विशेष स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
शाहदरा दक्षिण जोन के चेयरमैन रामकिशोर शर्मा के नेतृत्व में शकरपुर क्षेत्र के खाली पड़े प्लॉटों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं और नगर निगम कर्मचारियों के साथ श्रमदान कर कूड़े-कचरे की सफाई की। रामकिशोर शर्मा ने बताया कि शाहदरा दक्षिण जोन में 26 अलग-अलग स्थानों पर विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किया गया। एमसीडी अधिकारियों के अनुसार, इस अभियान में जनप्रतिनिधियों, सफाई कर्मियों, अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। निगम का मानना है कि सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छ, स्वस्थ और सतत दिल्ली के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। अभियान के दौरान लोगों को स्वच्छता बनाए रखने और कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण के प्रति भी जागरूक किया जाएगा।
Tags
दिल्ली