नई दिल्ली। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के अमर कॉलोनी थाना क्षेत्र में एक घरेलू सहायिका (मेड) की कथित तौर पर बेरहमी से हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका का शव उस घर की छत पर मिला, जहां वह काम करती थी। पुलिस ने मामले में घर के मालिक और पेशे से डॉक्टर मनीष गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है और पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान मीना देवी (45 वर्ष) के रूप में हुई है। सूचना मिलने के बाद अमर कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपी डॉक्टर को हिरासत में लेकर बाद में गिरफ्तार कर लिया गया।
सुबह काम पर गई थीं मीना देवी: मृतका के बेटे ने बताया कि उनकी मां रोज की तरह सुबह डॉक्टर के घर काम करने गई थीं। कुछ घंटे बाद परिवार को उनकी मौत की सूचना मिली। उन्होंने कहा, "करीब 12 बजे हमें पता चला कि मां की मौत हो गई है। जब हम मौके पर पहुंचे तो हमें उन्हें देखने तक नहीं दिया जा रहा था। मेरी मां पूरी तरह स्वस्थ थीं, उन्हें कोई बीमारी नहीं थी। अब पता चल रहा है कि उनकी हत्या की गई है।"
प्रत्यक्षदर्शी के दावे से बढ़ा संदेह: मृतका की भतीजी ने बताया कि मीना देवी लंबे समय से डॉक्टर के घर काम कर रही थीं। उन्होंने दावा किया कि आसपास काम करने वाली एक अन्य महिला ने बताया है कि डॉक्टर ने छत पर मीना देवी के साथ मारपीट की थी, जिसके बाद उनकी मौत हो गई। हालांकि पुलिस ने अभी तक इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है।
डीसीपी बोले- आरोपी से पूछताछ जारी: दक्षिण-पूर्वी जिले के पुलिस उपायुक्त (DCP) डॉ. हेमंत तिवारी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि अमर कॉलोनी के माउंट हिल क्षेत्र स्थित एक मकान में महिला की हत्या हुई है। उन्होंने कहा, "सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां डॉक्टर मनीष गुप्ता महिला के शव के पास बैठे मिले। आरोपी ने अभी तक हत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं किया है। उससे लगातार पूछताछ की जा रही है। मृतका की पहचान मीना देवी (45) के रूप में हुई है।"
काला जादू की चर्चा: जांच में सामने आए शुरुआती तथ्यों के अनुसार यह मामला सिर्फ हत्या का नहीं बल्कि लंबे समय से चल रहे मानसिक तनाव, घरेलू विवाद और शक से जुड़ा हुआ है. पुलिस के मुताबिक आरोपी डॉक्टर लंबे समय से डिप्रेशन में था और पिछले दो से तीन साल से अपनी नौकरानी को घर से निकालना चाहता था. लेकिन इस पूरे मामले में सबसे बड़ा विवाद उसकी पत्नी से जुड़ा हुआ था. डॉक्टर की पत्नी भी डॉक्टर है और वह नौकरानी को घर से निकालने के पक्ष में नहीं थी. इसी बात को लेकर घर में कई बार झगड़े और विवाद होते रहते थे. पुलिस के अनुसार यह घरेलू तनाव लगातार बढ़ता जा रहा था. इसी बीच जांच में यह भी सामने आया है कि डॉक्टर को नौकरानी मीना पर काला जादू करने का शक था. पुलिस का कहना है कि यह शक भी उसके मानसिक तनाव का एक बड़ा कारण बना. हालांकि पुलिस इस पहलू की भी गहराई से जांच कर रही है. फिलहाल पुलिस के अनुसार आरोपी डॉक्टर ने घटना वाले दिन पूरी योजना के साथ वारदात को अंजाम दिया. बताया जा रहा है कि उस समय नौकरानी मीना छत पर मौजूद थी, तभी डॉक्टर ने उस पर बेसबॉल बैट से हमला किया और फिर चाकू से कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
Tags
दिल्ली
