पार्किंग में टूव्हीलर में लगी आग बनी काल, 6 झुलसे
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में आग लगने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ताजा मामला दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के तुगलकाबाद इलाके का है, जहां गुरुवार देर रात एक ग्राउंड प्लस पांच मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य झुलस गए।
दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के अनुसार, रात करीब 2:25 बजे आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही तीन वॉटर टेंडर, दो वॉटर बाउजर, एक ब्रीदिंग सपोर्ट यूनिट और एक क्विक रिस्पांस व्हीकल (क्यूआरवी) को मौके पर रवाना किया गया। संकरी गली में स्थित इमारत में बचाव कार्य चलाकर आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया। अधिकारियों के मुताबिक, एम्स ट्रॉमा सेंटर के बर्न एवं प्लास्टिक सर्जरी वार्ड में भर्ती एक पुरुष की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। वहीं सफदरजंग अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती पांच महिलाओं में से दो महिलाओं को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। तीन महिलाओं का इलाज अभी जारी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आग इमारत के भूतल पर खड़े वाहनों में लगी थी। इसके बाद पूरे भवन में तेजी से धुआं फैल गया, जिससे कई लोग अंदर फंस गए। आग की चपेट में ग्राउंड फ्लोर के साथ पहली और दूसरी मंजिल भी आ गई, जबकि तीसरी से पांचवीं मंजिल तक आंशिक नुकसान पहुंचा।
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान दमकलकर्मियों ने इमारत की छत पर पहुंचकर टेरेस गेट का ताला काटा और अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। दमकल विभाग ने सुबह 3:45 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया और करीब 4 बजे अभियान समाप्त घोषित किया। घटनास्थल से सामने आए वीडियो में घर के भीतर का सामान बुरी तरह जला हुआ दिखाई दे रहा है। सीढ़ियों और दीवारों पर भी आग के निशान साफ नजर आ रहे हैं। फिलहाल मृतकों की पहचान और आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। पुलिस और दमकल विभाग मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं।
Tags
दिल्ली


