9 साल बाद खुला हत्या का राज, फरार आरोपी बिहार से गिरफ्तार
नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने करीब नौ साल पुराने सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए फरार चल रहे आरोपी चंदन कुमार को बिहार के लखीसराय से गिरफ्तार कर लिया है. इस मामले में आरोपी ने अपने भाई कुंदन कुमार और जीजा कमल कुमार के साथ मिलकर 50 लाख रुपये की बीमा राशि और मकान हड़पने के लिए महिला की बेरहमी से हत्या कर दी थी.दिल्ली पुलिस के मुताबिक 22 अगस्त 2017 को बुराड़ी इलाके के अजीत विहार स्थित एक मकान में 43 वर्षीय अनीता देवी का शव खून से लथपथ हालत में मिला था। उनका गला धारदार हथियार से रेता गया था. घटना के बाद मृतका के भाई कमल कुमार ने पुलिस को बताया कि अनीता के पति ने उसकी हत्या की है. शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक विवाद का लग रहा था लेकिन पुलिस की गहन पड़ताल में चौंकाने वाला सच सामने आया.
दिल्ली पुलिस की जांच में पता चला कि कमल कुमार ने अपने साले चंदन और कुंदन के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी. दरअसल अनीता देवी ने 50 लाख रुपये की जीवन बीमा पॉलिसी में अपने भाई कमल कुमार को नॉमिनी बनाया हुआ था. इसके अलावा बुराड़ी स्थित मकान भी वसीयत के जरिए कमल कुमार के बेटे के नाम किया गया था.
भारी कर्ज में डूबे कमल कुमार ने लालच में आकर अपनी ही बहन की हत्या की योजना बनाई. हत्या के बाद आरोपियों ने अनीता के पति को फंसाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने साजिश का पर्दाफाश कर दिया. कमल कुमार को वर्ष 2017 में ही गिरफ्तार कर लिया गया था जबकि चंदन और कुंदन फरार हो गए थे. दोनों को 2018 में अदालत ने घोषित अपराधी घोषित कर दिया था.
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की टीम को हाल ही में सूचना मिली कि चंदन कुमार बिहार के लखीसराय में छिपा हुआ है. इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने हत्या में अपनी भूमिका कबूल कर ली. वहीं जांच के दौरान पता चला कि उसका भाई कुंदन वर्ष 2018 में अपने गांव के पास रेलवे स्टेशन के नजदीक मृत पाया गया था. पुलिस ने उसका डेथ सर्टिफिकेट भी हासिल कर लिया है. पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
Tags
दिल्ली