मोहन नगर की टायर रिट्रेडिंग फैक्ट्री में भीषण आग

एक घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू, कोई जनहानि नहीं


गाजियाबाद।
मोहन नगर स्थित आनंद इंडस्ट्रीज एरिया में मंगलवार सुबह एक टायर रिट्रेडिंग फैक्ट्री में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। दमकल विभाग के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 7:27 बजे एमडीटी के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि आनंद इंडस्ट्रीज एरिया स्थित एक फैक्ट्री में आग लगी हुई है। सूचना मिलते ही प्रभारी अधिकारी दोनों फायर टेंडरों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुए।
मौके पर पहुंचने पर पता चला कि आग अल्फा कोल्ड रिट्रेड्स, प्लॉट संख्या-168, आनंद इंडस्ट्रीज एरिया में लगी थी। फैक्ट्री में पुराने टायरों पर रबर चढ़ाने एवं रिट्रेडिंग का कार्य किया जाता था। रबर और टायरों की मौजूदगी के कारण आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप धारण कर लिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी को तत्काल अवगत कराया गया। उनके निर्देश पर फायर स्टेशन वैशाली एवं कोतवाली से एक-एक वाटर बाउजर भी घटनास्थल पर भेजा गया।
फैक्ट्री तक पहुंचने के लिए केवल एक ही मार्ग उपलब्ध होने के कारण दमकल कर्मियों ने पास स्थित मंदिर परिसर की ओर से फैक्ट्री की दीवार तोड़कर आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की। घने और हानिकारक धुएं के बीच दमकल कर्मियों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए दोनों ओर से आग पर नियंत्रण पाने का प्रयास किया। रबर में लगी आग को बुझाने के लिए फोम का प्रयोग किया गया, जिसके बाद लगभग एक घंटे में आग पर काबू पा लिया गया।
घटनास्थल पर फैक्ट्री स्वामी विद्या प्रकाश शर्मा भी मौजूद रहे। आग पूरी तरह बुझने के बाद किए गए प्रारंभिक निरीक्षण में आग लगने का कारण विद्युत शॉर्ट सर्किट प्रतीत हुआ है। हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू होने से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने