लूटा मोबाइल और दिल्ली से चोरी की गई मोटरसाइकिल भी बरामद
गाजियाबाद। थाना टीलामोड़ पुलिस ने शनिवार शाम चेकिंग अभियान के दौरान दो शातिर लुटेरों एवं वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूट का एक मोबाइल फोन और चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर उनके अन्य साथियों और वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।पुलिस के अनुसार, शनिवार शाम करीब 6:30 बजे थाना क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो संदिग्ध युवक निस्तौली से सोनिया विहार जाने वाले मार्ग पर आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सुभाष डागर के खेत के पास घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक लूटा हुआ मोबाइल फोन और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई। जांच में पता चला कि बरामद मोबाइल थाना टीलामोड़ क्षेत्र में हुई मोबाइल लूट की घटना से संबंधित है, जबकि मोटरसाइकिल दिल्ली के सीमापुरी थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पहले बिना सुरक्षा के खड़ी मोटरसाइकिलों की रेकी करते थे और मौका मिलते ही उन्हें चोरी कर लेते थे। चोरी की गई बाइक को कम कीमत पर बेच देते थे। इसके अलावा भीड़भाड़ और सुनसान इलाकों में राहगीरों से मोबाइल फोन छीनकर वारदात को अंजाम देते थे। चोरी और लूट से मिलने वाले पैसों से वे अपने खर्च पूरे करते थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवि राणा निवासी भारत सिटी, टीलामोड़ और रोहित निवासी भोपुरा के रूप में हुई है। पुलिस अब दोनों से अन्य लूट एवं वाहन चोरी की घटनाओं के संबंध में पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा उनके खिलाफ पहले से कितने आपराधिक मामले दर्ज हैं।
Tags
गाजियाबाद