चेकिंग के दौरान थाना लिंक रोड पुलिस के हत्थे चढ़े दो शातिर मोबाइल चोर गिरफ्तार

चोरी के 9 मोबाइल और बैग बरामद, बेचने के लिए निकले थे तभी धरे गए

गाजियाबाद।
थाना लिंक रोड पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान दो शातिर मोबाइल चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के नौ मोबाइल फोन और एक बैग बरामद किया है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर अन्य चोरी की घटनाओं और उनके साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई को अंबेडकरनगर निवासी सत्यप्रकाश ने थाना लिंक रोड में शिकायत दर्ज कराई थी कि झंडापुर स्थित राघव के मकान से उनके तीन मोबाइल फोन चोरी हो गए हैं। शिकायत के आधार पर बीएनएस की धारा 305(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान थाना लिंक रोड पुलिस ने स्थानीय सूचना और चेकिंग अभियान के आधार पर दिल्ली प्रेस कट के पास दो संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली। तलाशी में उनके पास से दो डिब्बों में रखे चोरी के नौ मोबाइल फोन और एक काले-ग्रे रंग का बैग बरामद हुआ। बरामदगी के बाद मामले में बीएनएस की धारा 317(2) भी बढ़ाई गई।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे झंडापुर और आसपास के क्षेत्रों में मकानों व अन्य स्थानों से मोबाइल फोन चोरी करते थे। चोरी के मोबाइल दिल्ली में राह चलते लोगों को कम कीमत पर बेच देते थे और उससे मिलने वाले रुपये नशे तथा अपने निजी खर्चों में इस्तेमाल करते थे। बरामद सभी मोबाइल बिक्री के लिए ले जाए जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश झा उर्फ नागिन (25), निवासी मूलतः पटना (बिहार), हाल निवासी नंदग्राम, गाजियाबाद तथा राकेश कुमार (24), निवासी मूलतः सिवान (बिहार), हाल निवासी नंदग्राम, गाजियाबाद के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार राकेश के खिलाफ लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और आबकारी अधिनियम सहित नौ मुकदमे दर्ज हैं, जबकि आकाश के खिलाफ चोरी के चार मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
पुलिस का कहना है कि बरामद मोबाइल फोन के वास्तविक मालिकों की पहचान की जा रही है तथा आरोपियों के अन्य साथियों और उनसे जुड़ी वारदातों की जांच जारी है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने