मेट्रो और भीड़भाड़ वाले इलाकों में मोबाइल चोरी करने वाला गिरोह पकड़ा

चार आरोपी व एक महिला गिरफ्तार, पांच मोबाइल फोन बरामद

गाजियाबाद।
साहिबाबाद थाना पुलिस, सर्विलांस सेल और स्वाट टीम ट्रांस हिंडन की संयुक्त कार्रवाई में मेट्रो स्टेशन व भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मोबाइल चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों और एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई को नोएडा निवासी अंकित श्रीवास्तव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि दिल्ली से गाजियाबाद मेट्रो यात्रा के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर किसी ने उनका आईफोन-13 चोरी कर लिया। मामले में मुकदमा दर्ज कर थाना पुलिस, सर्विलांस सेल और स्वाट टीम की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने मेट्रो स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर जांच शुरू की।
जांच के दौरान शनिवार रात शालीमार गार्डन स्थित ईएसआई कट के पास घेराबंदी कर गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी के पांच मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराएं बढ़ाते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे संगठित गिरोह बनाकर मेट्रो स्टेशन, बाजार, बस स्टैंड और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर यात्रियों को निशाना बनाते थे। भीड़ और धक्का-मुक्की का फायदा उठाकर मोबाइल चोरी करने के बाद वे मोबाइल की सिम निकालकर तोड़ देते थे, ताकि पुलिस या मोबाइल स्वामी उनकी लोकेशन का पता न लगा सके। इसके बाद चोरी के मोबाइल औने-पौने दाम में बेचकर रकम आपस में बांट लेते थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जावेद, आयुष उर्फ सहुलै, मोहम्मद अशरफ, गौरव और शाजिया के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों में से कुछ के खिलाफ पहले से भी चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने