लोनी में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के बड़े कारोबार का भंडाफोड़: 570 रोल बरामद, 5 हिरासत में

पीपल फॉर एनिमल संस्था की सूचना पर पुलिस की दो स्थानों पर छापेमारी, सप्लाई नेटवर्क की जांच शुरू

गाजियाबाद।
लोनी क्षेत्र में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 570 रोल चाइनीज मांझा बरामद किया है। कार्रवाई पीपल फॉर एनिमल (People for Animals) संस्था से जुड़े गौरव गुप्ता की सूचना पर की गई। पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर भारी मात्रा में प्रतिबंधित मांझा जब्त किया और पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, सबसे पहले बंथला चौकी क्षेत्र स्थित राम विहार कॉलोनी के एक मकान पर छापा मारा गया। यहां से प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के 120 रोल बरामद किए गए। मौके से दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। इनसे मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने इंदिरापुरी इलाके में दूसरी छापेमारी की। यहां एक मकान से चाइनीज मांझे की आठ पेटियां बरामद हुईं, जिनमें लगभग 450 रोल रखे हुए थे। इस कार्रवाई के दौरान तीन अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया गया। 
पीपल फॉर एनिमल संस्था से जुड़े गौरव गुप्ता ने बताया कि इससे पहले दिल्ली में एक व्यक्ति प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के साथ पकड़ा गया था। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर लोनी में इस अवैध कारोबार का सुराग मिला, जिसके बाद पुलिस को सूचना देकर संयुक्त कार्रवाई कराई गई। पुलिस अब गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि प्रतिबंधित चाइनीज मांझा कहां से मंगाया जाता था, इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और इसकी सप्लाई किन-किन क्षेत्रों में की जा रही थी। पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को खंगाल रही है। 
छापेमारी के दौरान लोनी थाना पुलिस और बंथला चौकी पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर मौजूद रही। एसीपी लोनी राम किशन ने बताया कि विश्वसनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई है। बरामद प्रतिबंधित मांझे को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रतिबंधित चाइनीज मांझा न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे लोगों की जान को भी गंभीर खतरा रहता है। यह मांझा राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों, पक्षियों और अन्य जीवों के लिए बेहद घातक साबित होता है। ऐसे में इसके निर्माण, भंडारण और बिक्री में लिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी अभियान चलाकर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने