दिल्ली के केशवपुरम में तीसरी मंजिल पर बुलाकर मारी गोली, वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार
नई दिल्ली। उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के केशवपुरम थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। त्रिनगर में राम नमकीन के पास स्थित एक जिम में कार्यरत 20 वर्षीय युवती की कथित तौर पर उसके ही सहकर्मी ने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस, क्राइम टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञ घटनास्थल पर पहुंचे तथा साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी हैं। पुलिस के अनुसार, मृतका ज्योति और आरोपी 23 वर्षीय सौरभ एक ही इमारत में कार्यरत थे। सौरभ पिछले करीब तीन माह से भवन में केयरटेकर के रूप में काम कर रहा था, जबकि युवती उसी बिल्डिंग में स्थित जिम में कर्मचारी थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी किसी बहाने से युवती को इमारत की तीसरी मंजिल पर बने एक कमरे में ले गया। वहां दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के दौरान आरोपी ने युवती पर गोली चला दी।गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो युवती खून से लथपथ जमीन पर पड़ी मिली। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुका था। पुलिस ने घायल युवती को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। मृतका के पिता ने बताया कि उनकी बेटी पिछले तीन वर्षों से वहां काम कर रही थी। उन्होंने कहा, "रोज शाम को हम बेटी से फोन पर बात करते थे। बुधवार को जब कई बार फोन किया तो उसने कॉल रिसीव नहीं की। बाद में जानकारी मिली कि किसी ने उसे गोली मार दी।"
मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि आरोपी की गतिविधियों और घटना के क्रम का पता लगाया जा सके।
उत्तर-पश्चिमी जिला की डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपी सौरभ फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। उन्होंने कहा कि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह जानने के लिए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है।
Delhi : 22-year-old woman shot dead at her residence by partner in Keshav Puram. pic.twitter.com/XTey2CBSj2
— News Arena India (@NewsArenaIndia) July 30, 2026
Tags
दिल्ली