जोगिंदर डबास हत्याकांड से जुड़े मिले तार, गैंग नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के आउटर नॉर्थ जिले के शाहबाद डेयरी थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच और दो संदिग्ध बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ से इलाके में सनसनी फैल गई। रोहिणी सेक्टर-29 के पास हुई इस मुठभेड़ में दोनों ओर से कई राउंड फायरिंग हुई। जवाबी कार्रवाई के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों में एक कुख्यात हिमांशु भाऊ गैंग का सक्रिय सदस्य है, जबकि दूसरा नाबालिग बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, क्राइम ब्रांच को दोनों संदिग्धों की गतिविधियों के संबंध में गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने रोहिणी सेक्टर-29 क्षेत्र में देर रात घेराबंदी कर निगरानी शुरू कर दी। कुछ देर बाद दोनों आरोपी स्कूटी पर वहां पहुंचे। जैसे ही पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, आरोपियों ने खुद को घिरा देख पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।पुलिस ने भी तत्काल मोर्चा संभालते हुए जवाबी फायरिंग की। कुछ देर चली मुठभेड़ के बाद दोनों आरोपियों को काबू कर लिया गया। घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर पूरी कार्रवाई की जानकारी ली। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक कुख्यात गैंगस्टर हिमांशु भाऊ गिरोह का सदस्य है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के नाम पूठ खुर्द गांव के चर्चित जोगिंदर डबास हत्याकांड की जांच में भी सामने आए हैं। इस हत्याकांड की जिम्मेदारी गैंग से जुड़े विक्की हडल ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से ली थी। पुलिस अब दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां गैंग के नेटवर्क, अन्य सदस्यों, हथियारों की आपूर्ति और हाल के आपराधिक मामलों में उनकी भूमिका की जानकारी जुटाने में लगी हैं। साथ ही दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है।
अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ के दौरान गैंग से जुड़े कई महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं, जिससे संगठित अपराध के खिलाफ चल रहे अभियान को और मजबूती मिलेगी। दिल्ली पुलिस का कहना है कि राजधानी में सक्रिय गैंगस्टरों और संगठित अपराध से जुड़े अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले अपराधियों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Delhi police crime branch arrests two shooters of Himanshu Bhau gang after encounter near Khera Nahar of North Delhi; two pistols seized. pic.twitter.com/DHtCnUsrUL
— News Arena India (@NewsArenaIndia) July 30, 2026
Tags
दिल्ली