नोएडा में 12 साल पुराने चालक ने रकम चुराकर तोड़ा कारोबारी का भरोसा

हार्डवेयर कारोबारी के नौ लाख रुपये लेकर फरार, दो दिन में गिरफ्तार

नोएडा।
सेक्टर-20 थाना पुलिस ने अलीगढ़ के एक कारोबारी के नौ लाख रुपये चोरी कर फरार हुए उसके चालक को घटना के महज दो दिन के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की पूरी 9 लाख रुपये की नकदी और एक अवैध चाकू बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है।
एडिशनल डीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने बताया कि अलीगढ़ निवासी एक हार्डवेयर कारोबारी 18 जुलाई को अपने परिवार के साथ खरीदारी के लिए नोएडा के एक मॉल आए थे। उनके साथ उनका चालक कपिल भी था, जो पिछले करीब 12 वर्षों से उनके यहां कार्यरत था। कारोबारी ने नौ लाख रुपये से भरा बैग कार में रखा था। इसी दौरान मौका पाकर चालक बैग लेकर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर सेक्टर-20 थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से सोमवार को पुलिस ने लाल पैथ लैब के सामने स्थित एक पार्क से आरोपी कपिल को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी की पूरी रकम और एक अवैध चाकू बरामद हुआ। इसके बाद आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह वर्षों से कारोबारी के यहां चालक के रूप में कार्यरत था और मालिक ने कभी उस पर संदेह नहीं किया। कार में एक साथ इतनी बड़ी रकम देखकर उसके मन में लालच आ गया। उसने रुपये चुराकर पहले अपना कर्ज चुकाने और बाद में एक दुकान खोलकर कारोबार शुरू करने की योजना बनाई थी। पकड़े जाने से बचने के लिए उसने अपनी योजना में किसी अन्य व्यक्ति को शामिल नहीं किया।
पीड़ित कारोबारी ने पुलिस को बताया कि उन्हें रुपये चोरी होने से अधिक दुख इस बात का है कि जिस व्यक्ति पर उन्होंने वर्षों तक सबसे अधिक भरोसा किया, उसी ने विश्वासघात किया। उन्होंने चालक को हमेशा परिवार के सदस्य की तरह माना था। पुलिस का कहना है कि चोरी की शत-प्रतिशत रकम बरामद कर ली गई है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पीड़ित परिवार को बड़ी राहत मिली है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने