त्यागी जागृति समिति का 24 वर्षों से प्रतिभाओं को नई पहचान और नई उड़ान देने का सतत अभियान: प्रेम चंद त्यागी
गाजियाबाद। समाज सेवा, शिक्षा और युवा प्रतिभाओं के प्रोत्साहन के लिए कार्यरत त्यागी जागृति समिति, बसंतपुर सैंथली द्वारा 26 जुलाई रविवार को प्रातः 9 बजे हिंदी भवन लोहिया नगर में शिक्षा एवं खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले त्यागी समाज के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं का सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। समिति के अध्यक्ष प्रेम चंद त्यागी एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनिल त्यागी ने बताया कि समिति पिछले 24 वर्षों से समाज सेवा, शिक्षा और युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसी उद्देश्य को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी उन मेधावी विद्यार्थियों और खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने अपनी प्रतिभा, परिश्रम और उपलब्धियों से समाज का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों का मनोबल बढ़ता है और उन्हें भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलती है। समिति का प्रयास है कि समाज की प्रतिभाओं को उचित मंच और सम्मान मिल सके।
समारोह की मुख्य अतिथि इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ खंडपीठ की न्यायमूर्ति श्रीमती बबीता त्यागी होंगी। उनके करकमलों से प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं और खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समाज के प्रबुद्धजनों, शिक्षाविदों, खिलाड़ियों तथा सामाजिक संगठनों से लगातार संपर्क किया जा रहा है। साथ ही त्यागी समाज के सभी प्रतिभाशाली विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, अभिभावकों एवं सम्मानित नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर बच्चों का उत्साहवर्धन करने और कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की गई है। बैठक में समिति के अध्यक्ष प्रेम चंद त्यागी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनिल त्यागी, कोषाध्यक्ष सोमेन्द्र त्यागी, संरक्षक धनप्रकाश, सलाहकार अनिल त्यागी सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
Tags
गाजियाबाद