स्वच्छ एवं हरित कांवड़ यात्रा को लेकर जागरूकता बैठक सम्पन्न

विक्रम एन्क्लेव में हुई बैठक में संस्था के प्रतिनिधियों ने प्लास्टिक मुक्त सेवा शिविर लगाने की अपील की

गाजियाबाद।
कांवड़ यात्रा को स्वच्छ, हरित और पर्यावरण अनुकूल बनाने के उद्देश्य से रविवार को शालीमार गार्डन स्थित विक्रम एन्क्लेव में पर्यावरण संरक्षण गतिविधि, वैशाली महानगर गाजियाबाद विभाग तथा डीवीएफ (DVF) वॉलंटियर ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में भंडारा एवं कांवड़ सेवा शिविर संचालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को बढ़ावा देने का संकल्प लिया गया।
बैठक के मुख्य अतिथि पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के क्षेत्र संयोजक रणवीर जी ने कहा कि हरिद्वार से गाजियाबाद, दिल्ली तथा अन्य राज्यों तक जाने वाले कांवड़ यात्रियों की यात्रा को स्वच्छ और पर्यावरण हितैषी बनाने के लिए जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने माइक्रोप्लास्टिक से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और जीवन दर्शन का अभिन्न अंग है। उन्होंने भंडारा संचालकों से अपील की कि डिस्पोजेबल प्लास्टिक और थर्माकोल के बर्तनों के स्थान पर स्टील की थाली, गिलास, चम्मच अथवा अन्य पर्यावरण अनुकूल विकल्पों का उपयोग करें। साथ ही प्रत्येक भंडारा स्थल पर नियमित सफाई और पर्याप्त कूड़ेदानों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
मेरठ विभाग के संयोजक पवन त्यागी ने कांवड़ यात्रियों से प्लास्टिक का बहिष्कार करने, कपड़े के थैलों का उपयोग करने तथा कचरा निर्धारित डस्टबिन में डालने की अपील की। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा मार्ग और तीर्थ स्थलों को स्वच्छ बनाए रखना प्रत्येक श्रद्धालु की जिम्मेदारी है। बैठक में गाजियाबाद विभाग के सह विभाग संयोजक हरीश जी ने सभी प्रतिभागियों का परिचय कराया तथा प्रदीप त्यागी ने स्वच्छ एवं हरित कांवड़ अभियान के विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की।
इस अवसर पर महानगर संयोजक यशपाल, सह महानगर संयोजक कुलदीप, महानगर सह शैक्षिक संस्थान प्रमुख मृत्युंजय, भाग व्यवस्था प्रमुख संजीव, डीवीएफ प्रमुख प्रवीण सहित उनकी टीम ने कांवड़ यात्रा के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था, स्वच्छता अभियान और भंडारा संचालकों के समन्वय का संकल्प लिया। बैठक का आयोजन सुबोध भड़ाना और नरेंद्र बघेल ने किया। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यकर्ताओं तथा कांवड़ सेवा शिविर संचालकों सहित 83 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। अंत में कल्याण मंत्र के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ तथा सभी उपस्थित लोगों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने