बाल अपचारी भी पकड़ा गया, चेन बेचने में असफल होने पर पिघलाकर कर दिए दो टुकड़े
गाजियाबाद। इंदिरापुरम थाना पुलिस ने ई-रिक्शा में सफर कर रही एक बुजुर्ग महिला की सोने की चेन चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं, घटना में शामिल एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पिघलाकर दो हिस्सों में बांटी गई 10.01 ग्राम पीली धातु (संभावित सोना) बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई 2026 को मोहन नगर स्थित गुलमोहर ग्रीन निवासी राम प्रवेश राय ने थाना इंदिरापुरम में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी पत्नी ई-रिक्शा से यात्रा कर रही थीं। इसी दौरान उनके साथ बैठी एक अज्ञात महिला ने उनके गले से सोने की चेन चोरी कर ली। शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने सीआईएसएफ कट के पास से कुन्ती उर्फ रुबी (30 वर्ष) निवासी नहरौली, थाना छायसा, जिला फरीदाबाद (हरियाणा) को गिरफ्तार कर लिया। उसके साथ शामिल एक बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।
पूछताछ में आरोपी महिला और बाल अपचारी ने स्वीकार किया कि उन्होंने 26 जून 2026 को शिप्रा मॉल के सामने ई-रिक्शा में बैठी एक बुजुर्ग महिला के गले से सोने की चेन चोरी की थी। चोरी के बाद दोनों ने चेन बेचने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर उसे पिघलाकर दो हिस्सों में बांट दिया। सोमवार को दोनों इन टुकड़ों को बेचने की फिराक में थे, तभी पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4.140 ग्राम और 5.870 ग्राम वजन के पीली धातु के दो टुकड़े, कुल 10.01 ग्राम, बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि बरामद धातु की जांच कराई जा रही है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपियों का किसी बड़े चोरी गिरोह से संबंध तो नहीं है।
Tags
गाजियाबाद