बैंक लोन दिलाने का झांसा देकर युवती से होटल में दुष्कर्म का आरोप, अश्लील वीडियो बनाकर पीड़िता को कर रहा था ब्लैकमेल
गाजियाबाद। मुरादनगर थाना पुलिस ने एक युवती की शिकायत पर दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं तथा आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान रावली रोड, मुरादनगर निवासी इमरान कुरैशी के रूप में हुई है। सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) सुनील कुमार ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया।
शिकायत के अनुसार, आरोपी ने बैंक लोन दिलाने का झांसा देकर युवती को एक होटल में बुलाया। आरोप है कि वहां उसने युवती को नशीला पदार्थ पिलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता का यह भी आरोप है कि आरोपी ने घटना के दौरान अश्लील वीडियो बना ली। पीड़िता ने शिकायत में आरोप लगाया कि आरोपी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लगातार उसे ब्लैकमेल करता रहा। इस दौरान उसने उससे एक जोड़ी कुंडल और 10 हजार रुपये भी ले लिए। विरोध करने पर आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी और बाद में कथित तौर पर अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर भी प्रसारित कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मैनुअल इनपुट के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। एसीपी सुनील कुमार ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने वीडियो बनाने और उसे सोशल मीडिया पर साझा करने की बात स्वीकार की है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं और सभी पहलुओं की जांच के बाद नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Tags
गाजियाबाद