हॉर्न विवाद में हत्या के फरार आरोपी को शरण देने वाले चार गिरफ्तार

13 जुलाई को हॉर्न बजाने पर कहासुनी में गोली मारकर की गई थी विपिन की हत्या

गाजियाबाद।
कमिश्नरेट गाजियाबाद की लोनी बॉर्डर थाना पुलिस ने हत्या के एक फरार आरोपी को शरण देने और गिरफ्तारी से बचाने में मदद करने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 253 की बढ़ोतरी करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई 2026 को लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र में हॉर्न बजाने को लेकर हुए विवाद में विपिन नामक युवक को गोली मार दी गई थी। घायल विपिन को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। मृतक के भाई आजाद प्रजापति की तहरीर पर लोनी बॉर्डर थाने में सोनू पुत्र ब्रह्मपाल, ब्रह्मपाल और आशा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में ब्रह्मपाल और आशा को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि मुख्य आरोपी सोनू घटना के बाद से फरार चल रहा है।
विवेचना के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि सोनू के कुछ करीबी और पड़ोसी उसे लगातार छिपने में मदद कर रहे हैं तथा आर्थिक सहायता भी उपलब्ध करा रहे हैं। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने 22 जुलाई को कार्रवाई करते हुए करावल नगर (दिल्ली) निवासी सतीश उर्फ पप्पू, बेहटा हाजीपुर निवासी राहुल पुत्र वेदपाल, रतिराम कॉलोनी, बेहटा हाजीपुर निवासी बबली पत्नी शीशपाल मित्रा तथा करावल नगर निवासी मीना पत्नी सतीश को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना वाली रात सोनू, उसके पिता और पत्नी की बाइक का हॉर्न बजाने को लेकर विपिन से विवाद हो गया था। कहासुनी बढ़ने पर सोनू ने विपिन के पेट में गोली मार दी और मौके से फरार हो गया। इसके बाद से वे लगातार सोनू के संपर्क में थे और उसे गिरफ्तारी से बचने के लिए आर्थिक मदद भी उपलब्ध करा रहे थे। पुलिस का कहना है कि मामले में फरार मुख्य आरोपी सोनू की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है तथा प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने