चार लाख रुपये नकद, स्कॉर्पियो व सेंट्रो कार समेत साइबर अपराध में प्रयुक्त उपकरण बरामद
गाजियाबाद। साहिबाबाद थाना पुलिस ने एटीएम और कैश डिपॉजिट मशीन (सीडीएम) से छेड़छाड़ कर साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार लाख रुपये नकद, ठगी के पैसों से खरीदी गई एक स्कॉर्पियो कार, घटना में प्रयुक्त एक सेंट्रो कार तथा साइबर अपराध में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण बरामद किए हैं।डीसीपी ग्रामीण एवं कार्यवाहक डीसीपी ट्रांस हिंडन सुरेन्द्र नाथ तिवारी ने बताया कि 21 जुलाई को राजेंद्र नगर स्थित केनरा बैंक के शाखा प्रबंधक ने शिकायत दी थी कि 27 से 29 जून के बीच बैंक की कैश डिपॉजिट मशीन (सीडीएम) से छेड़छाड़ कर अज्ञात बदमाशों ने मशीन हैक कर लाखों रुपये की धोखाधड़ी की। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय सूचना और मुखबिर की मदद से रेलवे स्टेशन साहिबाबाद के पास अंडरपास से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पहले से मशीनों में स्मार्ट प्लग लगाकर उसे मोबाइल ऐप के माध्यम से नियंत्रित करते थे। जब कोई ग्राहक नकदी जमा करता था, तो मशीन की कार्यप्रणाली बाधित कर नोटों को अंदर फंसा देते थे। ग्राहक के चले जाने के बाद विशेष औजारों की मदद से मशीन खोलकर फंसी हुई नकदी निकाल लेते थे।
आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने राजेंद्र नगर स्थित पंजाब नेशनल बैंक और केनरा बैंक की कैश डिपॉजिट मशीनों से भी इसी तरीके से लाखों रुपये की ठगी की है। उन्होंने दिल्ली, हरियाणा, महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में इस प्रकार की वारदातों को अंजाम देने की बात भी कबूल की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अहसान, आरिफ, सिराज उर्फ सिराजू और रहीश के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से चार लाख रुपये नकद, एक स्कॉर्पियो, एक सेंट्रो कार, स्मार्ट प्लग, मोबाइल फोन, पेचकस, लोहे का विशेष औजार और एटीएम कार्ड बरामद किया है। आरोपियों के विरुद्ध दिल्ली, हरियाणा, महाराष्ट्र तथा गाजियाबाद समेत विभिन्न राज्यों में पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।थाना साहिबाबाद पुलिस टीम द्वारा एटीएम मशीन तथा कैश डिपॉजिट मशीन को हैक कर साइबर फ्रॉड करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, 04 अभियुक्त गिरफ्तार। कब्जे से 04 लाख रुपये, घटना के पैसों से खरीदी गई 01 स्कॉर्पियो कार, घटना में प्रयुक्त 01 सेंट्रो कार तथा साइबर अपराध में प्रयुक्त… https://t.co/jqubfCJ3bS pic.twitter.com/BDC4fCsOtl
— POLICE COMMISSIONERATE GHAZIABAD (@ghaziabadpolice) July 22, 2026
Tags
गाजियाबाद

