जस्ट डायल के नाम पर ऑनलाइन ट्रांसपोर्ट बुकिंग के नाम पर ठगी का खुलासा

फर्जी ट्रांसपोर्ट सेवा का जाल बिछाकर लोगों को ठगने वाले चार साइबर अपराधी गिरफ्तार

गाजियाबाद।
ग्रामीण ज़ोन की स्वाट टीम और मुरादनगर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए जस्ट डायल के माध्यम से ऑनलाइन ट्रांसपोर्ट सेवा उपलब्ध कराने का झांसा देकर साइबर ठगी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक कीपैड मोबाइल फोन और चार मोबाइल खरीद बिल बरामद किए गए हैं। गिरोह के चार अन्य साथी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
डीसीपी ग्रामीण सुरेन्द्र नाथ तिवारी के अनुसार आरोपी फर्जी मोबाइल नंबरों और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बैंक खाते खुलवाकर जस्ट डायल पर ट्रांसपोर्ट आईडी बनाते थे। इसके बाद सामान भेजने के इच्छुक ग्राहकों से संपर्क कर वाहन उपलब्ध कराने का भरोसा देते और एडवांस किराए के नाम पर 10 से 50 प्रतिशत तक रकम ऑनलाइन जमा करा लेते थे। रकम मिलते ही एटीएम के जरिए तुरंत नकदी निकाल ली जाती थी। शिकायत होने पर सिम कार्ड और कीपैड फोन नष्ट कर दिए जाते थे ताकि पुलिस तक कोई सुराग न पहुंच सके।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह का एक सदस्य गांवों में लोगों की आईडी का दुरुपयोग कर सिम कार्ड और बैंक खाते उपलब्ध कराता था। इन खातों का इस्तेमाल ठगी की रकम प्राप्त करने के लिए किया जाता था। पुलिस के अनुसार आरोपियों द्वारा इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबरों के खिलाफ विभिन्न राज्यों से साइबर ठगी की कई शिकायतें दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सौरभ सिंह, राकेश सिंह, अभिषेक अवस्थी और दशमेश के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि गिरोह को फर्जी सिम और बैंक खाते उपलब्ध कराने में बदायूं निवासी विकास, अजय, सुरजीत और विजय की भी भूमिका सामने आई है। चारों फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। बरामद मोबाइल फोन के आईएमईआई नंबरों से जुड़े साइबर अपराधों की भी जांच की जा रही है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने