कांवड़ यात्रा-2026 की अग्नि सुरक्षा तैयारियों की एडीजी ने की समीक्षा
गाजियाबाद। कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को फायर स्टेशन वैशाली में उत्तर प्रदेश की अग्निशमन एवं आपात सेवा की अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) श्रीमती पद्मजा चौहान ने समीक्षा बैठक की। बैठक में गाजियाबाद सहित मेरठ, मुजफ्फरनगर, शामली, सहारनपुर, बागपत, बुलंदशहर, बरेली, मुरादाबाद, बिजनौर, बदायूं और अमरोहा के मुख्य अग्निशमन अधिकारियों ने भाग लिया।बैठक के दौरान एडीजी ने कांवड़ यात्रा के दौरान स्थापित होने वाले शिविरों में अग्नि सुरक्षा के व्यापक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविर संचालकों और आयोजकों को अग्नि सुरक्षा के नियमों एवं आपातकालीन स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों की पूरी जानकारी दी जाए, ताकि किसी भी दुर्घटना की संभावना को रोका जा सके।
उन्होंने कांवड़ यात्रा के दौरान अग्निशमन विभाग द्वारा अपनाई जाने वाली सुरक्षा रणनीति, त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था तथा आपातकालीन कार्ययोजना की समीक्षा करते हुए सभी मुख्य अग्निशमन अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर फायर स्टेशन वैशाली में फायर कर्मियों के शारीरिक प्रशिक्षण के लिए निर्मित व्यायामशाला (जिम) का लोकार्पण भी किया गया। इसके साथ ही कविनगर स्वदेशी कंपाउंड इंडस्ट्री द्वारा अग्निशमन विभाग को उपलब्ध कराया गया एक वाटर बाउजर को हरी झंडी दिखाकर विभाग को समर्पित किया गया, जिससे आग बुझाने की क्षमता और अधिक सुदृढ़ होगी।
बैठक में गाजियाबाद एवं गौतमबुद्धनगर के बहुमंजिला भवनों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विस्तृत समीक्षा की गई। एडीजी ने निर्देश दिए कि सभी बहुमंजिला इमारतों का नियमित फायर ऑडिट कराया जाए तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप अग्नि सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
इसके अलावा होटल, गेस्ट हाउस, कोचिंग सेंटर तथा अन्य व्यावसायिक भवनों में भी नियमित फायर ऑडिट कर अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिन भवनों में आवश्यक अग्निशमन सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध नहीं है, वहां तत्काल आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई कराने तथा संभावित अग्निकांडों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सतत निगरानी रखने पर विशेष जोर दिया गया।
Tags
गाजियाबाद



