बेसबॉल बैट और लात-घूंसों से युवक पर किया था हमला, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने दबोचा
गाजियाबाद। थाना इंदिरापुरम पुलिस ने कार हटाने के विवाद में युवक पर हुए जानलेवा हमले का सफल खुलासा करते हुए दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को साहिबाबाद मंडी के सामने से गिरफ्तार कर उनके खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, वसुंधरा सेक्टर-14 निवासी युधिष्ठर चौधरी ने 19 जुलाई को थाना इंदिरापुरम में तहरीर देकर बताया था कि 18 जुलाई को 6-7 युवकों ने कार हटाने को लेकर हुए विवाद के बाद बेसबॉल बैट, लात-घूंसों से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर संबंधित धाराओं में संशोधन भी किया गया। घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मैनुअल इनपुट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद सोमवार को चेकिंग के दौरान साहिबाबाद मंडी के सामने से ओम धामा और हिमांशु राणा को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 18 जुलाई को वे अपनी कार लेकर निगसन सोसायटी के पास पहुंचे थे। वहीं युधिष्ठर चौधरी अपनी कार खड़ी कर अंडे खा रहा था। आरोपियों ने उससे वाहन हटाने के लिए कहा, जिस पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर बेसबॉल बैट तथा हाथ-मुक्कों से हमला कर युधिष्ठर को गंभीर रूप से घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए। गिरफ्तार आरोपियों
ओम धामा (24 वर्ष) पुत्र मदनलाल धामा, निवासी ए-141, झंडापुर, आईई साहिबाबाद, थाना लिंक रोड, गाजियाबाद और हिमांशु राणा (27 वर्ष) पुत्र प्रतिपाल राणा, निवासी 288-ए, गली नंबर-1, झंडापुर, आईई साहिबाबाद थाना लिंक रोड गाजियाबाद है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों के विरुद्ध फिलहाल इसी मामले में एक मुकदमा दर्ज है। उनके अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
Tags
गाजियाबाद