महिला सुरक्षा पर पुलिस आयुक्त जे. रविंद्र गौड़ सख्त, मिशन शक्ति केंद्रों पर SOP के प्रभावी अनुपालन के निर्देश
गाजियाबाद। पुलिस आयुक्त जे. रविंद्र गौड़ की अध्यक्षता में मंगलवार को पुलिस कार्यालय में मिशन शक्ति केंद्रों के प्रभारियों के साथ समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में महिला सुरक्षा, शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण और मिशन शक्ति केंद्रों के प्रभावी संचालन को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।गोष्ठी में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (मुख्यालय एवं अपराध), सहायक पुलिस आयुक्त (महिला अपराध), सभी मिशन शक्ति केंद्रों के प्रभारी तथा अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान पुलिस आयुक्त ने मिशन शक्ति केंद्रों की कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा करते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक मिशन शक्ति केंद्र पर निर्धारित स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) का पूर्ण और प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि महिलाओं एवं बालिकाओं को एक ही स्थान पर सुरक्षा, परामर्श, सहायता और अन्य आवश्यक पुलिस सेवाएं गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जा सकें।
पुलिस आयुक्त ने सभी केंद्र प्रभारियों को निर्देशित किया कि मिशन शक्ति केंद्रों पर प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए उसका निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और निर्धारित समय सीमा में निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी शिकायत के समाधान में अनावश्यक विलंब न हो तथा प्रत्येक प्रकरण की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए पीड़ित पक्ष को आवश्यक सहयोग और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता, गोपनीयता और मानवीय दृष्टिकोण अपनाने पर विशेष जोर दिया। साथ ही निर्देश दिए कि मिशन शक्ति केंद्रों के माध्यम से संचालित जन-जागरूकता कार्यक्रमों को और प्रभावी बनाया जाए, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा संबंधी सेवाओं और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी मिल सके।
पुलिस आयुक्त जे. रविंद्र गौड़ ने कहा कि मिशन शक्ति केंद्र महिलाओं की सुरक्षा एवं सहायता का एक महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इसलिए सभी अधिकारी और कर्मचारी पूर्ण समर्पण, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, जिससे प्रत्येक पीड़ित महिला को शीघ्र न्याय, आवश्यक सहयोग और सुरक्षित वातावरण मिल सके। बैठक के अंत में उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए मिशन शक्ति केंद्रों की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं नागरिक केंद्रित बनाने के निर्देश दिए, ताकि महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से साकार किया जा सके।
Tags
गाजियाबाद