गाजियाबाद नगर आयुक्त ने नालों से स्थायी अतिक्रमण हटाकर सफाई कराने के दिए निर्देश

पार्षद रवि भाटी ने वार्ड- 37 की जर्जर सड़कों और जलभराव की समस्या के बारे में नगरायुक्त को बताया

गाजियाबाद।
शहर में जलभराव और सीवर से जुड़ी समस्याओं के समाधान को लेकर गाजियाबाद नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों को नालों पर हुए स्थायी अतिक्रमण हटाने, व्यापक सफाई अभियान चलाने और नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नगर निगम मुख्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान विभिन्न वाहों के जनप्रतिनिधियों और आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने नगर आयुक्त के समक्ष क्षेत्र की समस्याएं रखीं। 
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक से शुक्रवार को वार्ड- 37 शालीमार गार्डन के पार्षद रवि भाटी ने शिष्टाचार भेंट कर अपने वार्ड की विभिन्न जनसमस्याओं और विकास कार्यों को लेकर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान उन्होंने नगर आयुक्त को विभिन्न विकास कार्यों से संबंधित लिखित प्रार्थना पत्र भी सौंपे। पार्षद रवि भाटी ने विशेष रूप से विजय पार्क, शालीमार गार्डन ए-ब्लॉक, प्रयास पार्क, विक्रम एन्क्लेव, छाबड़ा कॉलोनी और एन ब्लॉक क्षेत्र की जर्जर एवं टूटी हुई सड़कों की समस्या उठाई। उन्होंने बताया कि बरसात के दौरान इन इलाकों में भारी जलभराव हो जाता है, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। 
उन्होंने नगर आयुक्त से मांग की कि इन क्षेत्रों में जल्द से जल्द सड़कों और नालियों का निर्माण कराया जाए, ताकि जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान हो सके और क्षेत्रवासियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं मिल सकें।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने पार्षद द्वारा उठाई गई समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया। पार्षद रवि भाटी ने विश्वास जताया कि नगर निगम द्वारा शीघ्र कार्रवाई किए जाने से क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान होगा और लोगों को राहत मिलेगी।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार गोविंदपुरम, नंदग्राम, शालीमार गार्डन और वसुंधरा क्षेत्रों से प्राप्त शिकायतों के समाधान के लिए स्वास्थ्य विभाग, निर्माण विभाग और जलकल विभाग की संयुक्त टीमें लगातार अभियान चला रही हैं। इन क्षेत्रों में नालों और सीवर लाइनों की सफाई का कार्य कराया जा रहा है। इसके साथ ही वसुंधरा, मोहन नगर, सिटी और कवि नगर जोन में भी सीवर सफाई अभियान चलाया गया है। नगर निगम का दावा है कि बरसात के दौरान जलभराव की समस्या को कम करने के लिए सभी प्रमुख नालों की सफाई और अवरोध हटाने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा कि नालों पर किए गए स्थायी अतिक्रमण को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि निर्माण और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीमों के माध्यम से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी, जिससे बारिश के समय नागरिकों को जलभराव की समस्या से राहत मिल सके। जनसुनवाई के दौरान संपत्ति विभाग से संबंधित मामलों पर भी नगर आयुक्त ने अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव को नियमों के अनुसार स्थलीय जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए कहा गया। नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया कि नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए जनसुनवाई प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने