एक ही कंपनी में काम करते थे मृतक और हत्यारोपी, लोहे की छड़ से बरामद
नोएडा। कासना थाना पुलिस ने 40 वर्षीय युवक की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने मामूली विवाद के दौरान लोहे की नुकीली छड़ से हमला कर युवक की हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और हत्या में इस्तेमाल की गई लोहे की छड़ भी बरामद कर ली है। पुलिस के अनुसार, यह घटना गुरुवार रात कासना थाना क्षेत्र स्थित सिरसा गोल चक्कर के पास सर्विस रोड पर हुई थी। एडीसीपी संतोष कुमार का कहना है कि घटना के पीछे प्रेम संबंध से जुड़ा विवाद प्रारंभिक कारण के रूप में सामने आया है।
एडीसीपी ने बताया कि मृतक सुरेश के भाई की शिकायत पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद शुक्रवार शाम पुलिस ने आरोपी नरेश को गिरफ्तार कर लिया। नरेश मूल रूप से रबूपुरा थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव का निवासी है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी नरेश और मृतक सुरेश एक ही कंपनी में अलग-अलग यूनिट में कार्यरत थे। कंपनी में काम करने वाली एक महिला से नरेश की नजदीकियां थीं, लेकिन वह महिला सुरेश से भी बातचीत करती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।
Tags
नोएडा