शिवभक्तों के स्वागत में सजेगी दिल्ली, कांवड़ियों पर होगी पुष्पवर्षा

भव्य स्वागत द्वार बनेंगे,  सीएम रेखा गुप्ता ने तैयारियों को दिया अंतिम रूप

नई दिल्ली।
सावन माह में हरिद्वार और अन्य पवित्र स्थलों से गंगाजल लेकर राजधानी पहुंचने वाले शिवभक्त कांवड़ियों के स्वागत के लिए दिल्ली सरकार ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में शुक्रवार को दिल्ली सचिवालय में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए विभिन्न विभागों की तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में कला एवं संस्कृति मंत्री कपिल मिश्रा, समिति के सदस्य विधायक अजय महावर, अनिल शर्मा, करनैल सिंह, संजय गोयल और उमंग बजाज सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार का संकल्प है कि राजधानी में आने वाला प्रत्येक शिवभक्त स्वयं को सुरक्षित, सम्मानित और सुविधाजनक वातावरण में महसूस करे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा की सभी तैयारियां सेवा भाव और बेहतर समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं। उन्होंने बताया कि दिल्ली के प्रमुख प्रवेश मार्गों और मुख्य स्थानों पर भव्य स्वागत द्वार बनाए जाएंगे तथा शिवभक्त कांवड़ियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया जाएगा। मुख्यमंत्री स्वयं भी विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर कांवड़ियों का अभिनंदन करेंगी। कांवड़ समितियों को आवश्यक अनुमतियां आसानी से उपलब्ध कराने के लिए सिंगल विंडो सिस्टम लागू किया गया है, जिससे सभी औपचारिकताएं एक ही स्थान पर पूरी हो सकें।
मुख्यमंत्री ने कांवड़ शिविरों में स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश देते हुए कहा कि शिविरों में 24 घंटे सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मोबाइल शौचालयों की संख्या बढ़ाने के साथ उनकी नियमित सफाई और रखरखाव पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि सभी प्रमुख कांवड़ शिविरों में पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की अलग-अलग शिफ्टों में तैनाती की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को दिन-रात चिकित्सा सहायता मिल सके। इसके अलावा शिविरों में स्वच्छ पेयजल, निर्बाध बिजली आपूर्ति और बारिश के दौरान जलभराव से निपटने के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं। दिल्ली सरकार का कहना है कि इस वर्ष कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर व्यवस्थाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि शिवभक्तों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने