पुलिस ने चलाया सघन तलाशी अभियान. जांच के दौरान नहीं मिली कोई संदिग्ध वस्तु
नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के महापौर कार्यालय को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। शुक्रवार सुबह ई-मेल के माध्यम से भेजे गए धमकी भरे संदेश में दोपहर 1:11 बजे विस्फोट करने की बात कही गई थी। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं तथा पूरे परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया। हालांकि, जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। महापौर कार्यालय के अनुसार, धमकी भरा ई-मेल सुबह 10:23 बजे प्राप्त हुआ। ई-मेल मिलते ही इसकी सूचना तत्काल दिल्ली पुलिस और संबंधित सुरक्षा एजेंसियों को दी गई। इसके बाद कार्यालय परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई और प्रवेश-निकास द्वारों सहित सभी संवेदनशील स्थानों की गहन जांच की गई।अधिकारियों ने बताया कि यह पहली बार नहीं है, बल्कि महापौर कार्यालय को लगातार तीसरी बार बम से उड़ाने की धमकी मिली है। बार-बार मिल रही ऐसी धमकियों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। निगम अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं को किसी भी कीमत पर हल्के में नहीं लिया जा सकता।
महापौर कार्यालय ने बताया कि पूर्व में भी लगातार मिल रही धमकियों को लेकर दिल्ली पुलिस आयुक्त को पत्र भेजकर दोषियों की पहचान करने, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा महापौर कार्यालय की सुरक्षा और मजबूत करने का अनुरोध किया गया था।
महापौर कार्यालय का कहना है कि सार्वजनिक संस्थानों और संवैधानिक पदों से जुड़े कार्यालयों को बार-बार धमकी मिलना गंभीर चिंता का विषय है। ऐसे मामलों में दोषियों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई आवश्यक है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। फिलहाल दिल्ली पुलिस धमकी भरा ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने और उसके स्रोत का पता लगाने में जुटी हुई है।
Tags
दिल्ली