गाजियाबाद में नए जीएसटी सुविधा केंद्र का शुभारंभ

व्यापारियों को मिलेगी बायोमैट्रिक की बेहतर सुविधा

गाजियाबाद।
राज्य कर विभाग, गाजियाबाद जोन-प्रथम में गुरुवार को आधुनिक जीएसटी सुविधा केंद्र का शुभारंभ किया गया। केंद्र का उद्घाटन आईएएस अजय कुमार गौतम, अपर आयुक्त राज्य कर, गाजियाबाद जोन-प्रथम ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर विभागीय अधिकारी, अधिवक्ता और बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए अपर आयुक्त अजय कुमार गौतम ने कहा कि नए जीएसटी सुविधा केंद्र का मुख्य उद्देश्य जीएसटी पंजीकरण के लिए आने वाले व्यापारियों को बायोमैट्रिक सत्यापन की बेहतर और त्वरित सुविधा उपलब्ध कराना है। उन्होंने केंद्र पर तैनात अधिकारियों को निर्देश दिए कि बायोमैट्रिक सत्यापन के लिए आने वाले प्रत्येक व्यापारी का कार्य प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर चंद्रकांत भूषण, उपायुक्त (प्रशासन), राज्य कर, गाजियाबाद सहित विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
जीएसटी पंजीकरण के लिए बायोमैट्रिक अनिवार्य: राज्य कर विभाग के अनुसार, जीएसटी के अंतर्गत नया पंजीकरण कराने वाले व्यापारियों को आवेदन के दौरान बायोमैट्रिक सत्यापन के लिए जीएसटी सुविधा केंद्र का चयन करना होता है। व्यापारी अपनी सुविधा के अनुसार केंद्र और समय का विकल्प चुन सकते हैं। निर्धारित तिथि और समय पर पहुंचकर बायोमैट्रिक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करनी होती है। गाजियाबाद में यह सुविधा आरडीसी, राजनगर स्थित राज्य कर भवन में उपलब्ध कराई गई है, जिससे व्यापारियों को जीएसटी पंजीकरण प्रक्रिया में अधिक सुविधा और पारदर्शिता मिलेगी।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने