एफआईआर के बाद भी नामजदों की गिरफ्तारी नहीं होने पर आवंटियों ने पुलिस कमिश्नर से लगाई गुहार
नोएडा। सेक्टर-73 स्थित एंथूरियम परियोजना के वास्तविक आवंटियों ने गुरुवार को नोएडा पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर कथित फर्जीवाड़े में शामिल नामजद आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। आवंटियों ने आरोप लगाया कि उप-निबंधक (डिप्टी रजिस्ट्रार) द्वारा पहले ही निरस्त की जा चुकी एंथूरियम एओडब्ल्यूए के नाम पर कुछ लोग फर्जी दस्तावेजों के आधार पर अवैध गतिविधियां संचालित कर रहे हैं।आवंटियों का कहना है कि आरोपित मृत व्यक्तियों के कथित जाली हस्ताक्षरों और फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर AOWA चलाने का दावा कर रहे हैं, जिससे आम खरीदारों को गुमराह किया जा रहा है। उनका आरोप है कि इस कथित फर्जीवाड़े से परियोजना की साख प्रभावित हुई है और निवेशकों के अधिकार व धन दोनों खतरे में पड़ गए हैं।
आवंटियों ने बताया कि मामले में पुलिस पहले ही एफआईआर दर्ज कर चुकी है। इसमें कल्पना सचान, शशांक कुमार, नीरजा सिंघल, पारुल जैन, दिव्या गौतम, साहिल राणा, नीरज कुमार सिंघल, रविंद्र कुमार बनवारिया और मोहम्मद महमूदुद्दीन हुसैन को नामजद आरोपी बनाया गया है। हालांकि पुलिस जांच जारी होने की बात कह रही है, लेकिन अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से आवंटियों में नाराजगी है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि कथित फर्जी एओडब्ल्यूए के कारण परियोजना में फ्लैटों की रजिस्ट्री प्रक्रिया प्रभावित हो रही है और नियमित प्रशासनिक कार्यों में बाधा उत्पन्न हो रही है। आवंटियों ने मांग की कि नामजद आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए तथा निरस्त एओडब्ल्यूए के नाम पर संचालित कथित बैंक खातों और वित्तीय लेन-देन की फॉरेंसिक जांच कराई जाए।
आवंटी त्रिलोक सिंह सहित अन्य लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो वास्तविक आवंटी अपने अधिकारों की रक्षा के लिए शांतिपूर्ण आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
Tags
नोएडा
