हत्या के प्रयास के मामले में 15 हजार का इनामी नितिन बैंसला गिरफ्तार
गाजियाबाद। थाना अंकुर विहार पुलिस ने हत्या के प्रयास के चर्चित मामले में फरार चल रहे 15 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नितिन बैंसला पुत्र सतवीर निवासी गढ़ी मेंडू, थाना उस्मानपुर, खजूरी खास (दिल्ली) के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार, 26 दिसंबर 2025 को दर्ज मुकदमे में आरोप था कि 25 दिसंबर 2025 को सभापुर अंडरपास के पास एक विवाद के दौरान मुकुल बंसल पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की गई थी। गोली लगने से वह घायल हो गया था। मामले में थाना अंकुर विहार पुलिस ने हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस ने साजिश में शामिल कई आरोपियों की पहचान की। इससे पहले आरोपी दीपक गैराठी, संजीत और राजे उर्फ मुन्ना को अलग-अलग कार्रवाई और पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। जबकि नितिन फरार चल रहा था, जिस पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
गुरुवार को थाना अंकुर विहार पुलिस ने उसे थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पूछताछ में नितिन बैंसला ने बताया कि उसकी दोस्ती संजीत और राजे उर्फ मुन्ना से थी तथा सभी साथ में पहलवानी करते थे। उसने स्वीकार किया कि राजे उर्फ मुन्ना और दीपक के कहने पर अन्य साथियों के साथ मिलकर मुकुल बंसल की हत्या की साजिश रची गई थी। इसी साजिश के तहत उस पर जानलेवा फायरिंग की गई थी। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
Tags
गाजियाबाद
