अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजकरन नैय्यर ने कहा— सेवा, अनुशासन और समन्वय से ही सफल होगी कांवड़ यात्रा
गाजियाबाद। कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को कमिश्नरेट गाजियाबाद पुलिस ने थाना कोतवाली क्षेत्र स्थित आर.के. बैंक्वेट हॉल में एक महत्वपूर्ण समन्वय गोष्ठी आयोजित की। गोष्ठी की अध्यक्षता अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था/यातायात) राजकरन नैय्यर ने की। बैठक में सिविल डिफेंस के स्वयंसेवकों, विभिन्न कांवड़ संघों के पदाधिकारियों, कांवड़ मार्ग से जुड़े ग्राम पंचायतों के प्रधानों, पार्षदों तथा अन्य सामाजिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान सहायक पुलिस आयुक्त कविनगर एवं कांवड़ नोडल अधिकारी सिद्धार्थ गौतम, तीनों यातायात जोन के यातायात निरीक्षक तथा पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।गोष्ठी में कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित राहत एवं बचाव, चिकित्सा सहायता, जनसहयोग तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजकरन नैय्यर ने उपस्थित स्वयंसेवकों एवं जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे सेवा, अनुशासन और संवेदनशीलता की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान पुलिस और स्वयंसेवकों के बीच निरंतर समन्वय बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि, दुर्घटना या आपात स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस को देने से समय रहते प्रभावी कार्रवाई संभव होगी।
उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा पर्व है और इसे सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना पुलिस के साथ-साथ समाज की भी सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी संबंधित विभागों, स्वयंसेवी संगठनों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से इस वर्ष भी कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराया जाएगा। बैठक के अंत में पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से सुझाव भी प्राप्त किए और भरोसा दिलाया कि श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएंगी।
Tags
गाजियाबाद


