घर में काम करने पहुंची मेड ने पहले ही दिन साफ किया था महंगा मोबाइल, अब गिरफ्तार

एप्पल का मोबाइल चोरी करने का फुटेज कैमरे में हुआ था कैद, मोबाइल बरामद

गाजियाबाद।
क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना पुलिस ने घर से मोबाइल चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए एक महिला घरेलू सहायिका (मेड) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किया गया एप्पल कंपनी का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार,बीती 27 जुलाई को पैरामाउंट सिम्फनी सोसायटी निवासी शिल्पा ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि  26 जुलाई को उनके घर पर काम करने आई मेड पूजा, काम समाप्त होने के बाद चली गई। इसके कुछ समय बाद उनका एप्पल मोबाइल फोन गायब मिला। शिकायत के आधार पर थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक में बीएनएस की धारा 305 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए 31 जुलाई को शांतिनगर से चित्रवन सोसायटी जाने वाले मार्ग से आरोपी महिला पूजा पत्नी अरविंद को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी वर्तमान में गली नंबर-7, बागू, थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक में रहती है, जबकि उसका मूल निवास गांव पोंडरी, थाना कोतवाली देहात, जनपद बुलंदशहर है।
पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार करते हुए बताया कि वह शिल्पा के घर घरेलू कार्य करने गई थी। वहां रखा एप्पल मोबाइल देखकर उसके मन में लालच आ गया और उसने मौका पाकर मोबाइल चोरी कर लिया। उसका इरादा मोबाइल बेचकर पैसे कमाने का था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया एप्पल मोबाइल बरामद कर लिया है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) भी बढ़ाई गई है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने