यातायात पुलिस को अनुशासन, सुरक्षा और सौहार्दपूर्ण व्यवहार का दिया गया संदेश
गाजियाबाद। आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को कविनगर स्थित रामजानकी ऑडिटोरियम (रामलीला ग्राउंड) में यातायात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में ड्यूटी के दौरान अनुशासन, सुरक्षा और आमजन के प्रति बेहतर व्यवहार बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक की अध्यक्षता पुलिस उपायुक्त (यातायात) त्रिगुण बिसेन ने की। इस दौरान अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात) वरुण कुमार सिंह एवं सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात प्रथम) श्रीमती शुचिता सिंह भी मौजूद रहीं।
गोष्ठी में कमिश्नरेट गाजियाबाद में नियुक्त सभी यातायात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि वे कांवड़ यात्रा के दौरान अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण मनोयोग, अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ करें। ड्यूटी के समय सुरक्षात्मक उपकरणों का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, आमजन एवं कांवड़ यात्रियों के प्रति शालीन, संयमित एवं सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने तथा किसी भी स्थिति में यातायात व्यवस्था को बाधित न होने देने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने कहा कि सभी पुलिसकर्मी निष्ठा, शुचिता एवं समर्पण की भावना के साथ कार्य करें, ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ-साथ शहर में सुगम एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सतर्क एवं तत्पर रहने के निर्देश भी दिए गए।
Tags
गाजियाबाद