अंकुर विहार पुलिस की कार्रवाई: तीन आरोपी पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार
गाजियाबाद। अंकुर विहार थाना पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर प्लॉट पर कब्जा करने और मकान खाली कराने की धमकी देने के मामले में फरार चल रहे चौथे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर 2024 को पीड़ित आस मोहम्मद ने थाना अंकुर विहार में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि मुस्तकीम अहमद, यमीन उर्फ मीनू, रियाज कुरैशी और यूसुफ कुरैशी ने मिलकर उसके प्लॉट के फर्जी दस्तावेज तैयार कर अपने नाम बैनामा करा लिया। इसके बाद आरोपी फर्जी दस्तावेजों के आधार पर प्लॉट और मकान खाली कराने का दबाव बनाने लगे तथा विरोध करने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने विवेचना के दौरान तीन आरोपियों यमीन, रियाज कुरैशी और यूसुफ कुरैशी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। सोमवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने फरार चल रहे मुख्य आरोपी मुस्तकीम अहमद (41 वर्ष) निवासी एल ब्लॉक, जे.जे. कॉलोनी, थाना भारत नगर, दिल्ली को अंकुर विहार क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर फर्जी बैनामा तैयार कराया था और उसी के आधार पर पीड़ित के प्लॉट पर कब्जा करने तथा मकान खाली कराने का प्रयास किया था। पुलिस आरोपी के अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
Tags
गाजियाबाद