स्कूल-कॉलेजों के आसपास करते थे सप्लाई, स्वाट टीम और विजयनगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पकड़े गए
गाजियाबाद। पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद की अपराध शाखा और थाना विजयनगर पुलिस ने 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 21 किलो 304 ग्राम गांजा बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार गिरोह दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में गांजा, चरस और स्मैक की तस्करी व बिक्री में लंबे समय से सक्रिय था।
विजयनगर थाना पुलिस ने काशीराम आवास के पास कब्रिस्तान गेट, क्षेत्र से परमार्थ गर्ग पुत्र स्व0 शिवनारायण निवासी गोविंदपुरम कविनगर, मोईन पुत्र अकबर निवासी सिद्धार्थ विहार विजयनगर और सलूना पत्नी वसीम निवासी सिद्धार्थ विहार विजयनगर को गिरफ्तार किया। तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पूछताछ में मुख्य आरोपी परमार्थ ने बताया कि वह पहले अवैध शराब की बिक्री करता था, लेकिन बाद में बिहार से गांजा मंगाकर दिल्ली-एनसीआर में सप्लाई करने लगा। उसने खुलासा किया कि नोएडा निवासी एक व्यक्ति के माध्यम से मादक पदार्थ खरीदकर गाजियाबाद में ऊंचे दामों पर बेचे जाते थे। वहीं, आरोपी सलूना ने बताया कि मोईन उसका ममेरा भाई है। वह मोईन के साथ मिलकर पिलखुआ और दिल्ली से गांजा व स्मैक खरीदकर लाती थी और स्थानीय स्तर पर उसकी बिक्री करती थी।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी स्कूलों, कॉलेजों और छात्रावासों के आसपास नशे की सप्लाई करते थे। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह की गिरफ्तारी से शैक्षणिक संस्थानों के आसपास मादक पदार्थों की आपूर्ति पर प्रभावी अंकुश लगेगा। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार तीनों आरोपियों के खिलाफ पहले भी आबकारी अधिनियम और एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और सप्लाई नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
Tags
गाजियाबाद