विपिन प्रजापति हत्याकांड: न्याय की मांग को लेकर महापंचायत

फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई और कड़ी कार्रवाई की उठी मांग, मंगलवार को कमिश्नरेट घेराव का ऐलान 


गाजियाबाद।
लोनी बॉर्डर क्षेत्र में विपिन प्रजापति की गोली मारकर हुई हत्या के विरोध में रविवार को सर्व समाज के लोगों का आक्रोश सड़कों पर दिखाई दिया। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर बड़ी संख्या में लोगों ने प्रदर्शन किया। इस आंदोलन का नेतृत्व हिंदू रक्षा दल के नेता अमित प्रजापति ने किया। 
श्रीराम पैलेस में हुई विशाल महापंचायत: प्रदर्शन से पहले गाजियाबाद के श्रीराम पैलेस में एक विशाल महापंचायत आयोजित की गई, जिसमें हरियाणा, दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर सहित उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से हजारों लोग शामिल हुए। महापंचायत में कई सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और जनप्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। कार्यक्रम में पूर्व सांसद दारा सिंह समेत विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। 
प्रशासन की कार्यशैली पर उठाए सवाल: महापंचायत को संबोधित करते हुए अमित प्रजापति ने सरकार और पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि घटना को लेकर पीड़ित परिवार को अब तक अपेक्षित न्याय नहीं मिला है और जांच की गति भी संतोषजनक नहीं है। उन्होंने निष्पक्ष और शीघ्र जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
ये प्रमुख मांगें रखीं: महापंचायत में सर्वसम्मति से कई मांगें रखी गईं। इनमें प्रमुख रूप से मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराकर दोषियों को शीघ्र कठोर सजा दिलाई जाए। जांच में यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए। 
कमिश्नरेट कार्यालय के घेराव की चेतावनी: महापंचायत में यह भी निर्णय लिया गया कि यदि पुलिस और प्रशासन ने जांच में तेजी नहीं लाई और मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं की, तो मंगलवार को गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट कार्यालय का घेराव किया जाएगा।  पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। मामले में आगे की जांच और न्यायालय की प्रक्रिया के अनुसार ही अंतिम निर्णय होगा।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने