रामपार्क कॉलोनी में 15 दिनों से अघोषित कटौती का आरोप, पानी संकट से भी जूझ रहे हैं लोग
गाजियाबाद। ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र की रामपार्क कॉलोनी में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती से नाराज लोगों का गुस्सा रविवार को सड़क पर फूट पड़ा। स्थानीय निवासियों ने गढ़ी कटैया-खानपुर मार्ग पर जाम लगाकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पिछले 15 दिनों से क्षेत्र में लगातार अघोषित बिजली कटौती की जा रही है। दिनभर कई बार बिजली गुल हो जाती है और घंटों तक आपूर्ति बहाल नहीं होती। इससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है।
बिजली संकट से गहराया पानी का संकट: स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली न रहने से घरों में लगी पानी की मोटरें नहीं चल पा रही हैं, जिसके चलते पेयजल संकट उत्पन्न हो गया है। कई परिवारों को अपनी दैनिक जरूरतों के लिए बाहर से पानी लाना पड़ रहा है। निवासियों ने बताया कि भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली कटौती ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि बिजली विभाग से कई बार शिकायत करने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ, जिससे मजबूर होकर उन्हें सड़क पर उतरना पड़ा।
सूचना पर पहुंची पुलिस, कराया समझाने का प्रयास: रविवार दोपहर करीब 11 बजे आक्रोशित लोगों ने पास पड़े सीवर के पाइपों से मार्ग अवरुद्ध कर दिया। रामपार्क चौकी प्रभारी रमेश चंद्र खोखर मौके पर पहुँचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन गुस्साए लोग तुरंत बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग पर अड़े रहे। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो उनका आंदोलन और तेज किया जाएगा। सड़क जाम की सूचना मिलते ही ट्रोनिका सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया और जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद यातायात को सामान्य कराने की कार्रवाई शुरू की गई।
बिजली संकट पर पहले भी उठ चुका है मामला: गौरतलब है कि 17 जुलाई को लोनी से भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने क्षेत्र में व्याप्त बिजली संकट को लेकर ऊर्जा मंत्री को पत्र भेजा था। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। विधायक ने अपने पत्र में कहा था कि विभागीय उदासीनता के कारण लोनी और आसपास के क्षेत्रों के लोग लगातार बिजली संकट झेल रहे हैं तथा शिकायतों के बावजूद अधिकारियों द्वारा प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बिजली आपूर्ति सुचारु नहीं की गई तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
Tags
गाजियाबाद