2 नाबालिग समेत 5 गिरफ्तार, 20 लाख के जेवर और हथियार बरामद
नोएडा। बीटा-2 थाना पुलिस ने घरों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले दो शातिर गिरोहों का पर्दाफाश करते हुए दो बाल अपचारियों समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, एक .315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो अवैध चाकू तथा वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।
बंद मकानों की रेकी कर देते थे चोरी की वारदात: रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में डीसीपी ग्रेटर नोएडा रवि शंकर निम ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान टेकराम, पवन कुमार और अनिल भाटी के रूप में हुई है। इनके साथ दो बाल अपचारियों को भी हिरासत में लिया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे पहले बंद पड़े मकानों की रेकी करते थे। जब यह सुनिश्चित हो जाता था कि घर में कोई मौजूद नहीं है, तब मौका पाकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। गिरफ्तारी से बचने और विरोध की स्थिति से निपटने के लिए वे अपने साथ अवैध हथियार भी रखते थे।
ग्रेटर नोएडा और दादरी में कई चोरियों का खुलासा: पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने थाना बीटा-2 और दादरी क्षेत्र के कई बंद मकानों को निशाना बनाया था। पूछताछ के दौरान उन्होंने कई चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस अब अन्य लंबित चोरी के मामलों में भी उनकी भूमिका की जांच कर रही है।
20 लाख रुपये के आभूषण बरामद: पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। बरामद सामान में सोने के हार, मंगलसूत्र, चेन, अंगूठियां, झुमके, नथ, चांदी की पायल, पाजेब, चांदी के सिक्के शामिल हैं। पुलिस बरामद आभूषणों का मिलान दर्ज चोरी के मुकदमों से कर रही है, ताकि उन्हें उनके वास्तविक मालिकों को वापस कराया जा सके।
अवैध हथियार और बाइक भी बरामद: आरोपियों के कब्जे से एक .315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो अवैध चाकू तथा चोरी की वारदातों में इस्तेमाल की जाने वाली बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, बिना नंबर प्लेट की बाइक का इस्तेमाल पहचान छिपाने और पुलिस की निगरानी से बचने के लिए किया जाता था।
अन्य मामलों की जांच जारी: डीसीपी रवि शंकर निम ने बताया कि आरोपियों के आपराधिक इतिहास की पड़ताल की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उनका संबंध किसी बड़े चोरी गिरोह से तो नहीं है। पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर अन्य चोरी की घटनाओं के खुलासे की भी संभावना है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
Tags
नोएडा