ट्रॉनिका सिटी की पूजा कॉलोनी में बंद मकान से दुर्गंध आने पर पुलिस को दी गई सूचना
गाजियाबाद। ट्रॉनिका सिटी थाना क्षेत्र की पूजा कॉलोनी में किराए के मकान से एक महिला का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस और फोरेंसिक टीम साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच में जुटी है। मूल रूप से मुजफ्फरपुर बिहार की रहने वाली प्रमिला पवन नाम के युवक के साथ लिव-इन में सात वर्षीय बेटी विद्या के साथ करीब 10 दिन पहले ही सरवन के मकान में किराए पर रहने आई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। मामले में मृतका के पति पवन और उसकी सात वर्षीय बेटी विद्या की तलाश की जा रही है।पुलिस के अनुसार, प्रमिला अपने पति पवन और बेटी विद्या के साथ करीब 10 दिन पहले ही पूजा कॉलोनी स्थित बुध बाजार, हनुमान मंदिर वाली गली में सरवन पुत्र खचेरू के मकान में किराए पर रहने आई थी। मकान मालिक की पत्नी पुष्पा ने बताया कि 26 जुलाई को जब वह मकान पर पहुंचीं तो किरायेदार के कमरे पर बाहर से ताला लगा हुआ था। रविवार को पड़ोसियों ने कमरे से तेज दुर्गंध आने और मक्खियां मंडराने की सूचना दी। सूचना मिलने पर ट्रॉनिका सिटी पुलिस मौके पर पहुंची। एसीपी लोनी रामकिशन के अनुसार, दरवाजा बाहर से बंद था। पुलिस ने कमरा खुलवाकर अंदर जांच की तो महिला का शव बरामद हुआ। इसके बाद मौके पर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने गहन जांच की।
जांच के दौरान मृतका की रिश्तेदार प्रीति पत्नी देवेंद्र, निवासी ट्रॉनिका सिटी (मूल निवासी मुजफ्फरपुर, बिहार) ने पुलिस को बताया कि प्रमिला उसकी मौसी थी। प्रमिला की पहली शादी पिंटू नामक व्यक्ति से हुई थी, जिससे उसकी सात वर्षीय बेटी विद्या है। बाद में वह पवन के साथ रहने लगी। पवन की पहली पत्नी से भी दो बेटियां—लक्ष्मी (5-6 वर्ष) और मैक्रोनी (3-4 वर्ष) हैं। रिश्तेदारों के मुताबिक, प्रमिला और पवन पिछले छह-सात वर्षों से साथ रह रहे थे तथा उनके बीच अक्सर घरेलू विवाद होता रहता था। दोनों पहले सनी बाजार क्षेत्र में रहते थे और करीब 10 दिन पहले ही पूजा कॉलोनी स्थित इस मकान में रहने आए थे।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और फरार पति पवन व बेटी विद्या की तलाश के लिए टीमों को लगाया गया है।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और फरार पति पवन व बेटी विद्या की तलाश के लिए टीमों को लगाया गया है।
Tags
गाजियाबाद