दिल्ली के तिलक नगर में मॉडल की हत्या, जिम ट्रेनर ने घर में घुसकर चाकू से गोदा

सीसीटीवी फुटेज में कैद आरोपी इमरान फरार, तलाश जारी

नई दिल्ली। पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर इलाके में बुधवार शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां न्यू महावीर नगर में 21 वर्षीय युवती मुस्कान की उसके किराए के फ्लैट में चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। वारदात के समय मुस्कान घर में अकेली थी। हत्या का आरोप इमरान नामक एक जिम ट्रेनर पर है, जो घटना के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मुस्कान अपनी मां और बहन के साथ ओल्ड महावीर नगर क्षेत्र में किराए के फ्लैट में रहती थी। बुधवार शाम करीब साढ़े पांच बजे वह घर में अकेली थी। आरोप है कि इसी दौरान जिम ट्रेनर इमरान उसके घर पहुंचा। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने मुस्कान पर चाकू से हमला कर दिया। मुस्कान की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। हालांकि, तब तक आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो चुका था। गंभीर रूप से घायल मुस्कान की बाद में मौत हो गई।

सीसीटीवी में घर में जाते दिखा आरोपी: घटना के बाद पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस के अनुसार, फुटेज में आरोपी इमरान शाम करीब 5:40 बजे मुस्कान के घर की ओर जाते हुए दिखाई दे रहा है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मुस्कान और आरोपी इमरान के पिछले कुछ समय से एक-दूसरे के संपर्क में होने की बात सामने आई है। पुलिस दोनों के बीच संबंधों और हत्या के पीछे के कारणों की गहराई से जांच कर रही है।
जिम में हुई थी पहली मुलाकात: बताया जा रहा है कि मुस्कान और इमरान की पहली मुलाकात तिलक नगर स्थित सेवन जोन जिम में हुई थी। इमरान वहां ट्रेनर के रूप में काम करता था, जबकि मुस्कान जिम करने के लिए आती थी। जिम संचालक ने बताया कि दोनों की जिम आने की टाइमिंग अलग-अलग थी। उन्होंने कहा कि इमरान का व्यवहार सामान्य था और उसके खिलाफ पहले कोई शिकायत सामने नहीं आई थी। हालांकि, वह अक्सर जिम में देर से आता था, जिसके कारण उसे नौकरी से हटा दिया गया था। वहीं, मुस्कान का जिम सब्सक्रिप्शन समाप्त हो गया था और वह करीब एक महीने से जिम आना बंद कर चुकी थी।
दोस्त ने बताया, बहन ने किया था फोन: मुस्कान के दोस्त अमन ने बताया कि उसे मुस्कान की बहन का फोन आया था। उसने जल्दी घर पहुंचने को कहा और बताया कि मुस्कान को किसी ने चाकू मार दिया है। अमन के अनुसार, जब वह मौके पर पहुंचा तो मुस्कान की हालत गंभीर थी और बाद में उसकी मौत हो गई। मुस्कान तीन बहनों में सबसे छोटी थी और अविवाहित थी। परिवार में उसका एक भाई भी है। इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस: पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। वारदात की वजह जानने के लिए मुस्कान और आरोपी के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल, आपसी संपर्क और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर हत्या के पीछे की पूरी वजह का खुलासा किया जाएगा।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने