मुआवजे की मांग को लेकर दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे पर आक्रोशित ग्रामीणों का शव रखकर प्रदर्शन

सड़क हादसे में दंपती की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने लगाया जाम, एसीपी के आश्वासन पर करीब एक घंटे बाद खुला रास्ता

गाजियाबाद।
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे पर सोमवार शाम मंडोला गांव के ग्रामीणों और परिजनों ने सड़क हादसे में जान गंवाने वाले दंपती के शव को रखकर प्रदर्शन किया। मृतकों के आश्रितों को आर्थिक सहायता और आरोपी वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर ग्रामीणों ने एक्सप्रेस-वे की दोनों लेन पर जाम लगा दिया। करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मामला ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र का है। मंडोला गांव निवासी कपिल (31) अपनी पत्नी राखी (30) के साथ अगरौला गांव में ढाबा चलाते थे। शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे दोनों बाइक से ढाबे से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान अगरौला गांव से कुछ दूरी पर तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में कपिल और राखी गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। परिजनों ने पुलिस की मदद से दोनों घायलों को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने कपिल को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत में राखी का उपचार जारी रहा। बाद में उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रविवार सुबह इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। 
मुकदमा दर्ज होने के बाद भी ग्रामीणों में आक्रोश: 
कपिल के भाई शुभम की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। इसके बावजूद आर्थिक सहायता और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश बना हुआ था। सोमवार शाम करीब पांच बजे ग्रामीणों ने राखी के शव को आवास विकास कट के पास दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे पर रख दिया और दोनों लेन पर आवागमन रोक दिया। देखते ही देखते एक्सप्रेस-वे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। गर्मी में जाम में फंसे यात्रियों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। 
पुलिस अधिकारियों ने समझाकर खुलवाया जाम: जाम की सूचना मिलते ही एसीपी लोनी रामकिशन राना भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों और परिजनों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। पुलिस की ओर से आरोपी चालक की गिरफ्तारी तथा मृतक परिवार के बच्चों को आर्थिक सहायता दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद लगभग 6:10 बजे जाम खुलवाया गया और एक्सप्रेस-वे पर यातायात सामान्य कराया गया। 
आरोपी चालक गिरफ्तार, वाहन कब्जे में: 
एसीपी लोनी रामकिशन राना ने बताया कि सड़क हादसे के मामले में आरोपी वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। दुर्घटना में प्रयुक्त वाहन को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। दंपती की मौत के बाद उनके परिवार में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि परिवार के सामने अब आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने मृतकों के आश्रितों को उचित आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने