चोरी की बाइक लेने पहुंचे तीन आरोपी कविनगर पुलिस की गिरफ्त में आए

आरोपियों की निशानदेही पर चार मोबाइल और दो मोटरसाइकिल बरामद

गाजियाबाद। कविनगर थाना पुलिस ने चोरी की घटनाओं में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चार मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हापुड़ के धौलाना निवासी सोनू उर्फ इब्राहिम (25), सिराजुद्दीन (25) और बुलंदशहर के शिकारपुर निवासी सतीश (30) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सोमवार को कविनगर पुलिस टीम शांति व्यवस्था बनाए रखने और वांछित आरोपियों की तलाश में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखर्जी पार्क के पास पुलिस ने कुछ लोगों को एक क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल के पास खड़े देखा। पुलिस टीम को देखते ही तीनों भागने लगे, जिसके बाद संदेह होने पर पुलिस ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनके पास मिली एक मोटरसाइकिल गौड़ सिटी, गौतमबुद्ध नगर से चोरी की गई थी। दूसरी मोटरसाइकिल चोरी के बाद क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिसे उन्होंने छिपाकर रखा था। सोमवार को वे तीनों उसी क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल को लेने के लिए मुखर्जी पार्क के पास पहुंचे थे। पुलिस के मुताबिक, बरामद चार मोबाइल फोन में से एक सोनू और सिराजुद्दीन ने पिलखुआ से चोरी किया था। अन्य तीन मोबाइल फोन 22 अगस्त को लालकुआं, गाजियाबाद में ऑटो में बैठे लोगों से छीने गए थे। पूछताछ के दौरान सतीश और सिराजुद्दीन ने भी सोनू द्वारा दी गई जानकारी की पुष्टि की।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल चार मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। कविनगर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस टीम अब उनके आपराधिक इतिहास और अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने