मधुबन बापूधाम पुलिस ने दबोचे, 11 चोरी की बैटरियां और वारदात में इस्तेमाल कार बरामद
गाजियाबाद। थाना मधुबन बापूधाम पुलिस ने चेकिंग के दौरान बैटरी चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग कंपनियों की 11 चोरी की बैटरियां, बैटरी चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार, 2,000 रुपये नकद, वारदात में प्रयुक्त आई-10 कार तथा एक फर्जी नंबर प्लेट बरामद की है।पुलिस के अनुसार, रविवार 23 अगस्त 2026 को थाना मधुबन बापूधाम पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान रेलवे फाटक मन्नत धाम मंदिर की ओर से एनडीआरएफ की तरफ जाने वाले मार्ग के पास संदिग्ध कार को रोककर जांच की गई। कार में सवार चार लोगों को हिरासत में लेकर तलाशी ली गई तो उनके कब्जे से चोरी की बैटरियां और बैटरी चोरी में प्रयुक्त औजार बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राशिद पुत्र यूनुस (उम्र 24 वर्ष), निवासी कुत्तेवाली गली मुस्तफाबाद दिल्ली, अमन पुत्र रहीस (उम्र 22 वर्ष) निवासी गली नंबर-2 शक्ति विहार मुस्तफाबाद दिल्ली, अरबाज पुत्र शौकीन (उम्र 19 वर्ष) निवासी गली नंबर-2 शक्ति विहार मुस्तफाबाद दिल्ली तथा जावेद पुत्र वकील (उम्र 20 वर्ष) निवासी बाबू होटल वाली गली, अशोक विहार लोनी गाजियाबाद के रूप में हुई है।
अलग-अलग कंपनियों की 11 बैटरियां बरामद: पुलिस ने आरोपियों के पास से एमरोन, एक्साइड, पावर जोन और अल्टीमा कंपनी की कुल 11 बैटरियां बरामद की हैं। इसके अलावा बैटरी चोरी में इस्तेमाल होने वाले एक पेचकस, कटर, प्लास, पाना, कटी हुई चार वायरिंग, छह चाबियां और एक छोटा कटर भी बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के पास से 2,000 रुपये नकद भी मिले हैं। यह रकम चोरी की बैटरियां बेचकर प्राप्त धनराशि का हिस्सा बताई गई है।
फर्जी नंबर प्लेट लगाकर करते थे वारदात: आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त आई-10 कार नंबर DL 8 CAA 7017 बरामद हुई है। पुलिस के अनुसार, कार पर DL 3 CBQ 5120 की फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल किन-किन वारदातों में किया गया।
दिल्ली और आसपास के इलाकों में करते थे बैटरी चोरी: पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों से बैटरियां चोरी करते थे। चोरी की बैटरियों को निर्माणाधीन फ्लाईओवर के पास छिपाकर रखते थे और बाद में अपने साथियों जुनैद पुत्र नामालूम निवासी मुस्तफाबाद, दिल्ली तथा नसरुफ उर्फ सोनू खान पुत्र इस्माइल निवासी मुस्तफाबाद, दिल्ली के पास बेचने के लिए ले जा रहे थे। आरोपियों ने पूछताछ में यह भी बताया कि पूर्व में चोरी की बैटरियां उक्त दोनों व्यक्तियों को बेच चुके हैं। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी की बैटरियों की खरीद-फरोख्त करने वालों के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों तथा चोरी की बैटरियों की खरीद-बिक्री के नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
Tags
गाजियाबाद