गाजियाबाद। श्याम पार्क साहिबाबाद स्थित लाजपत राय महाविद्यालय में विद्यार्थियों को रोजगार के लिए तैयार करने और उन्हें स्थानीय स्तर पर उपलब्ध रोजगार अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से TRRAIN–Blue Dot Employability Programme का आयोजन 17 एवं 18 अगस्त 2026 को किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी की Blue Dot Initiative के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसरों से जोड़ना तथा रोजगार चाहने वाले युवाओं और नियोक्ताओं को एक साझा मंच उपलब्ध कराना है। इस पहल के माध्यम से जिला प्रशासन, महाविद्यालयों, नियोक्ताओं और कार्यान्वयन संस्थाओं के बीच समन्वय स्थापित कर युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम के कार्यान्वयन सहयोगी TRRAIN (Trust for Retailers and Retail Associates of India) द्वारा विद्यार्थियों को रोजगारपरक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को रोजगार के लिए आवश्यक कौशल, कार्यस्थल की अपेक्षाओं और रोजगार प्राप्ति की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। साथ ही, विद्यार्थियों को उपयुक्त रोजगार अवसरों से जोड़ने तथा भविष्य में इंटरव्यू और प्लेसमेंट के अवसर उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम के आयोजन और विद्यार्थियों के समन्वय में महाविद्यालय की डॉ. चारु शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विद्यार्थियों ने प्रशिक्षण में उत्साहपूर्वक भाग लिया और रोजगार से संबंधित आवश्यक जानकारी एवं कौशल प्राप्त किए। TRRAIN की ओर से महाविद्यालय के सहयोग और समन्वय की सराहना की गई। संस्था द्वारा गाजियाबाद के सरकारी एवं सरकारी सहायता प्राप्त महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को गाजियाबाद, नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में उपलब्ध रोजगार अवसरों से जोड़ने के लिए इस पहल के तहत निरंतर कार्य किया जा रहा है।
महाविद्यालय प्रशासन ने कहा कि विद्यार्थियों को केवल सैद्धांतिक शिक्षा तक सीमित रखने के बजाय उन्हें रोजगार योग्य, आत्मनिर्भर और व्यावसायिक रूप से सक्षम बनाना संस्थान की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से कौशल विकास, रोजगारपरक प्रशिक्षण, मॉक इंटरव्यू और प्लेसमेंट गतिविधियों को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर महाविद्यालय प्रशासन ने TRRAIN तथा Blue Dot Initiative से जुड़े सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया और विद्यार्थियों से भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण एवं रोजगार अवसरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
Tags
गाजियाबाद


