आरोपी ने कबूला-नशे के दौरान हुआ था विवाद, डंडा बरामद
गाजियाबाद। थाना ट्रोनिका सिटी पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया डंडा भी बरामद किया है।पुलिस के अनुसार, गुरुवार 20 अगस्त 2026 को थाना ट्रोनिका सिटी में शिकायतकर्ता ने तहरीर देकर बताया था कि आरोपी नरेंद्र कुमार ने उसके पिता के साथ मारपीट की थी। उपचार के दौरान चिकित्सक ने घायल को मृत घोषित कर दिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की थी। पुलिस टीम ने शुक्रवार 21 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर वांछित आरोपी नरेंद्र कुमार पुत्र रामदीन, निवासी मोहल्ला बहादुर गांव तिहर, कस्बा तिहर, थाना तिहर, जिला शाहजहांपुर, हाल निवासी पुस्ता रामपार्क, थाना ट्रोनिका सिटी, गाजियाबाद, उम्र करीब 24 वर्ष, को रामपार्क चौकी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशा करने का आदी है। वह और मृतक दिलीप कुमार रामपार्क स्थित चौधरी के होटल में काम करते थे। आरोपी के मुताबिक 20 अगस्त की रात करीब 2:30 बजे दोनों ने शराब पी थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर नरेंद्र ने आवेश में आकर दिलीप कुमार के साथ डंडे से मारपीट कर दी, जिससे वह जमीन पर गिर गया। इसके बाद आरोपी मौके से डंडा लेकर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
Tags
गाजियाबाद
