मोदीनगर में पुलिस मुठभेड़, महिला से कुंडल लूटने वाले दो बदमाश गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

21 अगस्त को महिला से लूटे थे कुंडल, बेचने से पहले ही शिकंजे में आए

गाजियाबाद।
रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर मोदीनगर क्षेत्र में चल रही पुलिस चेकिंग के दौरान शुक्रवार देर रात बाइक सवार दो संदिग्धों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी भी गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपियों के कब्जे से तमंचा, कारतूस, लूटे गए दो कान के कुंडल और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है। गिरफ्त में आए बदमाशों ने 21 अगस्त को एक महिला से कुंडल लूटना स्वीकारा।बरामद कुंडल उसी लूट से संबंधित हैं।
सहायक पुलिस आयुक्त मोदीनगर भाष्कर वर्मा ने बताया कि 28 अगस्त की रात सीकरी-कलछीना रोड पर रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर पुलिस टीम द्वारा चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की।
एसीपी के अनुसार, भागने के दौरान बाइक असंतुलित होकर गिर गई, जिसके बाद दोनों आरोपी पैदल भागने लगे। आरोप है कि इसी दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को उपचार के लिए तत्काल अस्पताल भेजा गया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान फारूख और आसिम, निवासी मेरठ के रूप में बताई है। एसीपी ने बताया कि फारूख के खिलाफ पूर्व से छह से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। 
पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि 21 अगस्त को मोदीनगर थाना क्षेत्र में उन्होंने एक महिला से कान के दो कुंडल लूटे थे। दोनों कुंडलों को आरोपियों ने कहीं छिपा दिया था और शुक्रवार को उन्हें निकालकर बेचने के लिए जा रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, पीली धातु के दो कान के कुंडल तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने