अंकुर विहार पुलिस ने किया सोनू हत्याकांड खुलासा: तीन महिलाओं समेत 4 गिरफ्तार

गगन विहार कॉलोनी में  मीटर लगाने को लेकर हुए विवाद में ईंट मारकर की गई थी सोनू की हत्या

गाजियाबाद।
थाना अंकुर विहार की गगन विहार कॉलोनी में विवाद के बाद सोनू की ईंट से पीटकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मीटर लगाने को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपियों ने साजिश रचकर पड़ोसी सोनू पर घातक हथियार से हमला किया था। गंभीर रूप से घायल सोनू की उपचार के दौरान मौत हो गई थी। बता दें कि मूलरूप से अलीगढ़ निवासी सोनू (35) परिवार के साथ लोनी के गगन विहार कॉलोनी में रहते थे और आरोपियों ने ईंट से कूचकर हत्या कर दी थी। 
एसीपी अंकुर विहार अमरदीप मौर्या ने बताया कि थाना अंकुर विहार में सोनू की मां ने आरोपी सपन, उसकी मां रेखा, पत्नी गुंजन और मौसी किरण समेत अन्य लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया था। आरोप है कि घटना के दौरान जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए मारपीट की गई, जिसमें सोनू गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। मामले में थाना अंकुर विहार में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 352, 351(3), 61(2) तथा एससी/एसटी अधिनियम की धारा 3(2)(v) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की।
पुलिस ने शनिवार 22 अगस्त को सीसीटीवी फुटेज, मैनुअल इनपुट और मुखबिर की सूचना के आधार पर हत्या की घटना का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को सब्जीपुर अंडरपास के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सपन सिंह (30 वर्ष),  गुंजन (26 वर्ष) पत्नी सपन सिंह और रेखा सिंह (60 वर्ष) पत्नी महेंद्र सिंह के रूप में हुई। तीनों गंग विहार लक्ष्मी एन्क्लेव अंकुर विहार गाजियाबाद के निवासी हैं जबकि चौथी आरोपी किरण सिंह (45 वर्ष) पत्नी अवध बिहारी निवासी मोहल्ला राजरूपुर  धूमनगंज, प्रयागराज है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मृतक सोनू पहले आरोपियों के पड़ोस में रहता था और एक प्लॉट पर मीटर लगाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चला आ रहा था। पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त को जब सोनू दुकान पर सामान लेने जा रहा था, तब आरोपी पहले से ही वहां छिपे हुए थे। आरोपियों ने कथित रूप से योजना बनाकर सोनू को घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की। उसे मृत समझकर आरोपी मौके से फरार हो गए थे। थाना अंकुर विहार पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने