कविनगर पुलिस ने चोरी का खुलासा कर आरोपी को दबोचा, 15.47 लाख रुपये का माल बरामद
गाजियाबाद। थाना कविनगर पुलिस ने घर का ताला और अलमारी का लॉकर काटकर सोने-चांदी के आभूषण व नकदी चोरी करने की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 15.47 लाख रुपये कीमत के आभूषण और नकदी बरामद की है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि ऑनलाइन एविएटर गेम खेलने की लत और करीब नौ लाख रुपये के कर्ज के कारण उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया।पुलिस उपायुक्त नगर धवल जायसवाल के अनुसार, गोविंदपुरम निवासी लल्लू सिंह मौर्य ने 27 जुलाई 2026 को थाना कविनगर में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर ने उनके घर का ताला तोड़कर अंदर से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। मामले में तत्काल सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, स्थानीय स्तर पर जुटाई गई जानकारी और मुखबिर की सूचना के आधार पर 22 अगस्त 2026 को आरोपी विशाल पुत्र महेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी गोविंदपुरम बस अड्डे के पास चौकी गोविंदपुरम क्षेत्र से की गई। गिरफ्तार आरोपी वर्तमान में जे-57, गोविंदपुरम, थाना कविनगर क्षेत्र में रहता था और मूल रूप से ग्राम आबिदनगर उर्फ धनुधली, थाना स्योहारा, जनपद बिजनौर का निवासी है। उसकी उम्र करीब 29 वर्ष बताई गई है।
कर्ज चुकाने के लिए रची चोरी की योजना: पुलिस पूछताछ में आरोपी विशाल ने बताया कि वह करीब एक माह पहले पीड़ित के मकान में किराए पर रहता था। उसे जानकारी थी कि मकान मालिक अपने आभूषण और नकदी कहां रखते हैं। आरोपी को यह भी पता था कि मकान मालिक 24 और 25 जुलाई को बरेली जाने वाले हैं। आरोपी ने पुलिस को बताया कि ऑनलाइन एविएटर गेम खेलने की लत के कारण वह कर्ज में डूब गया था। उसने शुरुआत में गेम से करीब 15 हजार रुपये जीते, जिसके बाद वह लगातार गेम खेलने लगा और धीरे-धीरे उस पर करीब नौ लाख रुपये का कर्ज हो गया। कर्ज के दबाव में उसने चोरी करने की योजना बनाई।
डीसीपी के अनुसार, आरोपी ने 24 जुलाई की रात मौका पाकर मकान का ताला और अलमारी का लॉकर कटर से काट दिया। इसके बाद उसने सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चोरी के कुछ सोने के आभूषणों को उसने पिघलाकर टुकड़ों में बदल दिया था। शेष सोने और चांदी के आभूषण उसके कब्जे से बरामद कर लिए गए।
यह सामान हुआ बरामद: पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लगभग 85 ग्राम पीली धातु के टुकड़े और आभूषण, जिनकी कीमत करीब 12.50 लाख रुपये बताई गई है। लगभग 1100 ग्राम सफेद धातु के आभूषण, जिनकी कीमत करीब 2.32 लाख रुपये है। 65,870 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद माल की कुल कीमत करीब 15,47,870 रुपये बताई गई है। पुलिस आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
Tags
गाजियाबाद