गाजियाबाद के वसुंधरा में मैकडॉनल्ड्स के सामने खूनी खेल: धारदार हथियारों से युवक पर जानलेवा हमला

पुरानी रंजिश में चाकू-चापड़ से ताबड़तोड़ वार, लहूलुहान होकर गिरा युवक | पॉश इलाके में दहशत, हमलावर फरार

गाजियाबाद।
राजधानी दिल्ली से सटे गाजियाबाद के सबसे पॉश इलाकों में शुमार वसुंधरा सेक्टर-1 में शनिवार देर शाम हथियारों की नोक पर गुंडागर्दी का नंगा नाच देखने को मिला। सेक्टर-1 स्थित मैकडॉनल्ड्स के ठीक सामने कुछ दबंग युवकों ने एक युवक पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद हमलावर हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। 
मैकडॉनल्ड्स के सामने पहले कहासुनी, फिर खूनी हमला: प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शाम करीब 7:30 से 8 बजे के बीच मैकडॉनल्ड्स के सामने कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो रही थी। यह इलाका शाम के समय युवाओं का अड्डा बना रहता है। कहासुनी इतनी बढ़ गई कि एक पक्ष ने अपने साथ लाए धारदार हथियार निकाल लिए। आरोप है कि हमलावरों ने युवक को घेर लिया और उस पर चाकू और चापड़ से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। अचानक हुए हमले से युवक खुद को बचा नहीं पाया और खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़ा। मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने जब बीच-बचाव करने की कोशिश की तो हमलावर युवक को जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। 
इलाके में दहशत, पुलिस पर सवाल: वसुंधरा सेक्टर-1 गाजियाबाद का सबसे व्यस्त और पॉश इलाका है। यहां बड़े-बड़े ब्रांड के शोरूम, रेस्टोरेंट और कोचिंग सेंटर हैं। शाम के समय यहां सैकड़ों परिवार और युवा घूमने आते हैं। ऐसे में बीच सड़क पर धारदार हथियारों से हुए इस हमले ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में शाम के समय असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है और पुलिस की गश्त न के बराबर है। 
पुलिस जांच में जुटी, CCTV फुटेज कब्जे में: 
सूचना मिलते ही थाना इंदिरापुरम पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल युवक को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने मैकडॉनल्ड्स और आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को कब्जे में ले लिया है। थाना प्रभारी इंदिरापुरम ने बताया कि पीड़ित पक्ष से तहरीर ली जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला पुरानी रंजिश या आपसी वर्चस्व को लेकर लग रहा है। आरोपियों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने